कुमार इंदर, जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर-भोपाल नेशनल हाईवे 45 पर बेखौफ नकाबपोश बदमाशों द्वारा लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने हाईवे पर खड़े ट्रक के ड्राइवर और हेल्पर को बंधक बनाकर चाकू की नोक पर 200 लीटर डीजल और उनके मोबाइल फोन लूट लिए। वारदात सुरई गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप के पास देर रात घटित हुई।
पाइप और केन लेकर पहुंचे थे 5 नकाबपोश बदमाश
जानकारी के अनुसार, देर रात करीब पांच नकाबपोश बदमाश खाली केन (डिब्बे) और पाइप लेकर ट्रक के पास पहुंचे। बदमाशों ने सबसे पहले ट्रक की डीजल टंकी का ताला तोड़ा और पाइप डालकर डीजल निकालना शुरू कर दिया। जब ट्रक ड्राइवर और हेल्पर ने इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने चाकू दिखाकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी और बंधक बना लिया। बदमाशों ने टंकी से लगभग 200 लीटर डीजल निकालकर केन में भरा और ड्राइवर-हेल्पर के मोबाइल छीनकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
घटना की सूचना मिलते ही शहपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। गौरतलब है कि शहपुरा क्षेत्र के आसपास हाईवे पर इस तरह की लूटपाट और डीजल चोरी की वारदातें पहले भी सामने आ चुकी हैं, जिससे ट्रक चालकों में दहशत का माहौल है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



