गुलशन कुमार, नारनौल। हरियाणा सरकार में लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा शुक्रवार को लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत नारनौल पहुंचे। यहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं और विभागीय कार्यों की जानकारी दी।
मंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश में सड़कों, पेयजल और सीवर व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए गंभीरता से काम कर रही है। बढ़ती आबादी के अनुसार पुरानी पेयजल और सीवर लाइनों की क्षमता बढ़ाई जा रही है, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बढ़ती आबादी के अनुसार बिछाई जा रही नई पेयजल और सीवर लाइनें
मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि पहले बिछाई गई पेयजल और सीवर लाइनों की क्षमता उस समय की आबादी के हिसाब से निर्धारित थी, लेकिन अब आबादी बढ़ने के साथ पुरानी लाइनें पर्याप्त नहीं रह गई हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग ने नई और अधिक क्षमता वाली लाइनें बिछाने का काम शुरू किया है।
उन्होंने बताया कि सरकार का विशेष ध्यान लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने और सीवर व्यवस्था को दुरुस्त करने पर है। रेवाड़ी में भी करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से बड़ी क्षमता वाली लाइन बिछाने का काम चल रहा है। इससे क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
नारनौल से कोरियावास मेडिकल कॉलेज तक बनेगी फोरलेन सड़क
नारनौल के नजदीक गांव कोरियावास में बने मेडिकल कॉलेज तक बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए नारनौल से मेडिकल कॉलेज तक फोरलेन सड़क निर्माण को लेकर भी मंत्री ने महत्वपूर्ण जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा इस सड़क को लेकर घोषणा की गई है। सरकार इस घोषणा को जल्द अमलीजामा पहनाएगी और सड़क निर्माण का कार्य शीघ्र पूरा करवाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। इससे मेडिकल कॉलेज आने-जाने वाले मरीजों और आम लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।
SIR को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना
पत्रकारों से बातचीत के दौरान मंत्री रणबीर गंगवा ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता SIR को लेकर बेवजह मुद्दा बना रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि यह प्रक्रिया पहले भी कई बार हो चुकी है और इसके माध्यम से मृत व्यक्तियों के नाम तथा एक से अधिक स्थानों पर दर्ज वोटों को हटाने का काम किया जाता है।
मंत्री ने कहा कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को सही और पारदर्शी बनाना है, लेकिन कांग्रेस इसे लेकर राजनीतिक मुद्दा बनाने का प्रयास कर रही है।
सीवर सफाई में सुरक्षा नियमों का पालन जरूरी
सीवर लाइनों की सफाई के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि विभाग की ओर से ठेकेदारों को काम सौंपते समय सभी निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि सीवर की सफाई के लिए कर्मचारियों को लाइन के अंदर उतारने की स्थिति में सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाना अनिवार्य है। विभाग इस संबंध में आवश्यक सावधानियां बरतने और सुरक्षा मानकों का पालन करवाने के निर्देश देता है, ताकि सफाई कार्य के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
फर्जी डिग्री से नौकरी पाने वालों पर होगी कार्रवाई
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में कथित तौर पर फर्जी डिग्री के आधार पर नौकरी हासिल करने वाले कर्मचारियों के मामले पर भी मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में विभाग कार्रवाई कर रहा है और जहां भी फर्जीवाड़ा सामने आएगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि गलत तरीके से नौकरी हासिल करने वालों को लेकर विभाग गंभीर है और ऐसे मामलों में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
- भोपाल से दुनिया देखेगी देश की सेना की ताकत: राजधानी में 15 जनवरी को होगी आर्मी डे परेड; बड़े तालाब के ऊपर से गरजेगा एयर शो
- पटना में ABVP का हल्ला बोल, जेपी गोलंबर पर तोड़े बैरिकेड्स, DU छात्र संघ अध्यक्ष भी शामिल
- PG कॉलेज के 6 विधि शिक्षकों का तबादला: नाराज छात्रों ने महापौर को सौंपा ज्ञापन, स्थानांतरण पर रोक लगाने की मांग
- Supreme Court on Live-in Relationship: रिश्ता टूटने के बाद सहमति से बने संबंध रेप नहीं, सुप्रीम कोर्ट की अहम टिप्पणी
- दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पढ़ाई के साथ बच्चों को संस्कार भी सिखाएगा निगम, MCD ने बनाई गई विशेष टीम

