रांची। राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र स्थित मोरहाबादी मैदान के पास सोमवार को तेज रफ्तार वाहन ने एक टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टोटो बीच सड़क पर पलट गया और उसमें सवार दो महिलाओं समेत पांच लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को बाहर निकाला। दुर्घटना में पांचों लोगों को चोटें आई हैं, हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
टक्कर मारकर फरार हुआ चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टोटो को टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग मदद के लिए पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद टोटो में फंसे सभी पांच लोगों को बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है। फिलहाल टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान नहीं हो सकी है।
CCTV फुटेज से वाहन की पहचान में जुटी पुलिस
लालपुर थाना प्रभारी रूपेश सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में अब तक थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। हालांकि, पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर टोटो को टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। वाहन का पता चलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मोरहाबादी में तेज रफ्तार वाहनों से हादसे का खतरा
रांची का मोरहाबादी मैदान और उसके आसपास का इलाका हाई-प्रोफाइल क्षेत्रों में गिना जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यहां की सड़कों पर ट्रैफिक अपेक्षाकृत कम होने के कारण कुछ वाहन चालक तेज रफ्तार से गाड़ियां चलाते हैं। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले लोग भी तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आ चुके हैं। ऐसे में इस इलाके में यातायात नियमों का पालन कराने और तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने की जरूरत एक बार फिर सामने आई है।

