रांची। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर विमान का इंतजार करने वाले यात्रियों को आने वाले समय में अधिक जगह और बेहतर सुविधाएं मिल सकती हैं। बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए टर्मिनल भवन के पुनर्विन्यास और विस्तार की योजना तैयार की गई है। इसके तहत घरेलू सुरक्षा प्रतीक्षा क्षेत्र को बढ़ाकर 6,480 वर्गमीटर करने का प्रस्ताव है। इससे व्यस्त समय में यात्रियों को संभालने की क्षमता मौजूदा करीब 950 से बढ़कर 2,160 तक पहुंचाने का लक्ष्य है।

6,480 वर्गमीटर में फैलेगा सुरक्षा प्रतीक्षा क्षेत्र

नागरिक उड्डयन मंत्रालय और एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, टर्मिनल के विस्तार से यात्रियों को सुरक्षा जांच के बाद बोर्डिंग का इंतजार करने के लिए अधिक जगह मिलेगी। एक ही समय में कई उड़ानों के यात्रियों की मौजूदगी के दौरान बैठने और आवाजाही में आसानी होगी। इससे बुजुर्गों, बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवारों और विशेष सहायता की जरूरत वाले यात्रियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

एक महीने में लगाई गईं 100 नई कुर्सियां

यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए एयरपोर्ट टर्मिनल के अंदर और बाहर बैठने की व्यवस्था में भी सुधार किया गया है। पिछले एक महीने में 100 नई कुर्सियां लगाई गई हैं। एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक, टर्मिनल में किए गए बदलावों से बैठने की क्षमता में करीब 150 यात्रियों का इजाफा हुआ है।

टैक्सी ट्रैक और पार्किंग व्यवस्था भी होगी बेहतर

टर्मिनल विस्तार की योजना में पैरेलल टैक्सी ट्रैक, रैपिड एग्जिट टैक्सीवे और दो अतिरिक्त विमान पार्किंग एप्रन भी शामिल हैं। इन सुविधाओं से विमानों की आवाजाही और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

रांची एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार के अनुसार, यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए टर्मिनल के अंदर और बाहर नई कुर्सियां लगाई गई हैं। वर्तमान में वेटिंग एरिया की क्षमता करीब 950 यात्रियों की है, जिसे बढ़ाकर 2,160 करने की योजना पर काम शुरू हो गया है।