रांची। मुख्यमंत्री की तस्वीर और ग्राफिक्स का इस्तेमाल कर सोशल मीडिया पर कथित रूप से भ्रामक जानकारी साझा करने के मामले में रांची के साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह प्राथमिकी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय की शिकायत पर दर्ज हुई है। शिकायत में ‘Hidden Biography’ नामक फेसबुक पेज के संचालक पर भ्रामक जानकारी प्रसारित करने का आरोप लगाया गया है।

हिजाब, बुर्का और मास्क को लेकर किया गया दावा

शिकायत के अनुसार, फेसबुक पेज पर एक पोस्ट साझा की गई थी, जिसमें दावा किया गया कि झारखंड में हिजाब, बुर्का या मास्क पहनकर बाहर निकलने वाले लोगों को संदिग्ध माना जाएगा। पोस्ट में मुख्यमंत्री की तस्वीर के साथ एक ग्राफिक्स का भी इस्तेमाल किया गया था।

28 सितंबर को साझा की गई इस पोस्ट में यह भी दावा किया गया था कि बिहार के बाद ऐसा नियम झारखंड में भी लागू कर दिया गया है।

भ्रामक पोस्ट से भ्रम फैलने की जताई गई आशंका

शिकायत में कहा गया है कि इस तरह की पोस्ट से लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है और लोक शांति प्रभावित होने की आशंका है। इसी शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना, रांची में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पोस्ट के जरिए लोगों से पूछा गया था सवाल

सोशल मीडिया पोस्ट के अंत में लोगों से कथित फैसले के समर्थन को लेकर सवाल भी पूछा गया था। शिकायतकर्ता ने पोस्ट को भ्रामक बताते हुए फेसबुक पेज के संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सोशल मीडिया पर साझा की गई पोस्ट, उसके स्रोत और उसमें किए गए दावों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।