रांची। दुर्गा पूजा को लेकर रांची नगर निगम ने शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की तैयारी तेज कर दी है। श्रद्धालुओं की सुविधा और पूजा पंडालों के आसपास बेहतर व्यवस्था के लिए सफाई, स्ट्रीट लाइट, सड़क, पेयजल, शौचालय, पार्किंग और विसर्जन स्थलों को लेकर विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। निगम ने शहर की 176 पूजा समितियों के साथ समन्वय कर पूजा शुरू होने से पहले जरूरी काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है।

सोमवार को नगर निगम सभागार में नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में अलग-अलग इलाकों की समस्याओं और श्रद्धालुओं से जुड़ी सुविधाओं पर चर्चा की गई। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

तीन शिफ्ट में होगी सफाई, रात में भी तैनात रहेंगे कर्मचारी

पूजा के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था निगम की प्राथमिकता में रहेगी। इसके लिए तीन पालियों में सफाई कराने का निर्णय लिया गया है। रात में अतिरिक्त सफाई दल भी तैनात किए जाएंगे, ताकि पंडालों और प्रमुख सड़कों पर भीड़ कम होते ही तत्काल सफाई कराई जा सके।पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाकर कचरा उठाव और सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया है।

7 दिन में ठीक होंगी खराब स्ट्रीट लाइट

शहर में रोशनी की व्यवस्था को लेकर विद्युत शाखा को खराब स्ट्रीट लाइट की पहचान कर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। अपर बाजार, बड़ा तालाब क्षेत्र, मेन रोड समेत भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।

ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर वहां अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था करने को कहा गया है। वहीं, हॉर्टिकल्चर शाखा को पूजा पंडालों और संपर्क मार्गों का निरीक्षण कर सात दिनों के भीतर पेड़ों की छंटाई पूरी करने का निर्देश दिया गया है।

पंडालों के आसपास गड्ढे भरने और जलजमाव रोकने पर फोकस

अभियंत्रण शाखा पूजा पंडालों और संपर्क सड़कों का निरीक्षण करेगी। जहां जरूरत होगी, वहां गड्ढों की मरम्मत, सड़क समतलीकरण और आवश्यक सुधार कराया जाएगा। जरूरत के मुताबिक स्टोन डस्ट और जेएसबी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

पूजा समितियों ने खुले नालों पर स्लैब लगाने, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, फॉगिंग और डॉग कैचिंग अभियान चलाने की मांग भी निगम के सामने रखी।

पानी से लेकर चलंत शौचालय और पार्किंग तक की मांग

पूजा समितियों ने पंडालों और प्रमुख मार्गों पर पानी के टैंकर, चलंत शौचालय, पार्किंग, अस्थायी विश्राम गृह और नि:शुल्क नगर बस सेवा उपलब्ध कराने का सुझाव दिया।

विसर्जन स्थलों की विशेष सफाई और खतरनाक स्थानों पर बैरिकेडिंग की मांग भी की गई। निगम की ओर से चिन्हित तालाबों और विसर्जन स्थलों पर जरूरत के अनुसार विसर्जन कुंड तैयार कराने की तैयारी है। सुरक्षा के लिहाज से आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग भी की जाएगी।

WhatsApp पर भेज सकेंगे शिकायत, 24 घंटे खुला रहेगा कनेक्ट सेंटर

पूजा समितियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निगम की ओर से फीडबैक सिस्टम तैयार किया जाएगा। समितियां WhatsApp नंबर 9431104429 पर अपनी समस्या भेज सकेंगी।

पंडालवार समन्वय के लिए अलग WhatsApp ग्रुप भी बनाया जाएगा, जिसके जरिए शिकायत संबंधित शाखा तक पहुंचाई जाएगी और कार्रवाई की निगरानी की जाएगी।इसके अलावा रांची नगर निगम का कनेक्ट सेंटर नंबर 1800 570 1235 पूजा के दौरान 24 घंटे सक्रिय रहेगा। सफाई, जलजमाव, स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें यहां दर्ज कराई जा सकेंगी।

बैठक में अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, कार्यपालक अभियंता, सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक सहित निगम के अन्य अधिकारी और विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।