रांची। राजधानी में अतिक्रमण हटाने को लेकर मंगलवार को HEC बाईपास रोड पर जमकर हंगामा हुआ। रेलवे की जमीन पर वर्षों से रह रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची जिला प्रशासन की टीम का स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दी। हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज कर भीड़ को नियंत्रित करना पड़ा। जाम के कारण बिरसा चौक से डीसी के घोड़ा चौक तक यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।

कार्रवाई के लिए पहुंचा प्रशासनिक अमला

प्रशासन की टीम बिरसा चौक से सेल सैटेलाइट चौक के बीच बाईपास के किनारे अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। टीम के साथ जेसीबी समेत अन्य संसाधन भी मौजूद थे।

जैसे ही लोगों को कार्रवाई की जानकारी मिली, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और इसका विरोध करने लगे। कुछ ही देर में सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

विरोध में सड़क पर उतरे लोग

प्रदर्शनकारियों ने बिरसा चौक से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर बिरसा चौक-हरमू जाने वाले रास्ते को जाम कर दिया। इसका असर आसपास के मार्गों पर भी पड़ा।डीपीएस स्कूल के समीप पेट्रोल पंप के पास वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और सड़क पर लंबा जाम लग गया।

तनाव बढ़ा तो पुलिस ने संभाला मोर्चा

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रांची पुलिस की अतिरिक्त टीमों को मौके पर बुलाया गया। प्रशासन जहां अतिक्रमण हटाने की तैयारी में था, वहीं स्थानीय लोग कार्रवाई रोकने और पहले पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग कर रहे थे।विरोध बढ़ने के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया और सड़क पर जुटी भीड़ को हटाया।

लोगों ने कहा- पहले मिले रहने की जगह

स्थानीय लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से यहां रह रहे हैं। उनका कहना है कि अचानक घर हटाए जाने से उनके सामने आवास और रोजगार दोनों का संकट पैदा हो जाएगा।

लोगों के अनुसार, इलाके में 20 से अधिक घर हैं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि अगर प्रशासन को जमीन खाली करानी है, तो पहले प्रभावित परिवारों के लिए वैकल्पिक आवास की व्यवस्था की जाए।

इलाके में अब भी तनाव

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और स्थानीय लोगों के विरोध को देखते हुए इलाके में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। फिलहाल प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच गतिरोध बना हुआ है। अधिकारी स्थिति पर नजर रख रहे हैं और यातायात व्यवस्था सामान्य कराने का प्रयास जारी है।