रांची। राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र के थड़पखना स्थित हरि मार्केट में मंगलवार देर रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग की चपेट में लेडी डायना पार्लर समेत करीब तीन दुकानें आ गई हैं।

बताया जा रहा है कि आग लगने से पहले ही हरि मार्केट बंद हो चुका था। ऐसे में दुकानों के अंदर किसी के मौजूद नहीं होने की बात सामने आई है। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पेट्रोल पंप और टायर दुकान पास, बढ़ी सतर्कता

आग की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की टीम विशेष सावधानी बरत रही है। जिस स्थान पर आग लगी है, उसके ठीक बगल में सीएट टायर की दुकान और पेट्रोल पंप भी मौजूद है। ऐसे में आग के आसपास फैलने की आशंका को देखते हुए दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभाल रखा है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल टीम की कार्रवाई के बाद ही नुकसान और आग लगने की वजह की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।