रांची। राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कोकर स्थित डिस्टिलरी पुल के पास खड़ी एक बाइक में अचानक आग लग गई। बाइक से धुआं उठता देखकर आसपास मौजूद लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।

पास खड़ा था बाइक सवार, बाल-बाल बची जान

स्थानीय लोगों के अनुसार, बाइक डिस्टिलरी पुल के पास खड़ी थी। इसी दौरान अचानक उसमें आग लग गई। घटना के वक्त बाइक सवार युवक भी पास में ही मौजूद था। बाइक से धुआं निकलता देख उसने खुद को सुरक्षित किया।

आसपास के लोगों ने तत्काल आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस के पहुंचने से पहले बुझी आग

घटना की सूचना सदर थाना पुलिस को भी दी गई थी। थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि बाइक में आग लगने की सूचना मिली थी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पा लिया था।

थाना प्रभारी के अनुसार, फिलहाल मामले को लेकर थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। आग किस कारण लगी, इसका तत्काल पता नहीं चल सका है।