रांची। दशहरा, दीपावली और छठ पर अपने घर लौटने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए इस बार सफर आसान नहीं रहने वाला है। ट्रेनों में सीटों की मारामारी के बीच अब हवाई टिकट भी यात्रियों की जेब पर असर डालने लगा है। त्योहार के आसपास रांची आने वाली कई फ्लाइट्स में किराया सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ गया है। कुछ रूट पर टिकट की कीमत 25 हजार रुपये से भी ऊपर पहुंच गई है।

मुंबई-पुणे से रांची आना सबसे महंगा

5 से 7 नवंबर के बीच रांची आने वाली उड़ानों की मौजूदा बुकिंग स्थिति पर नजर डालें तो मुंबई, पुणे और बेंगलुरु से आने वाले यात्रियों को ज्यादा किराया चुकाना पड़ रहा है।

6 नवंबर को मुंबई से रांची का किराया करीब 25,500 रुपये तक पहुंच गया है। इसी दिन पुणे से रांची की टिकट करीब 22 हजार और बेंगलुरु से रांची की टिकट करीब 20 हजार रुपये तक दिखाई दे रही है।

वहीं 7 नवंबर को पुणे-रांची का किराया करीब 25,200 रुपये, बेंगलुरु-रांची करीब 19 हजार और हैदराबाद-रांची करीब 18,500 रुपये तक पहुंच गया है।5 नवंबर को मुंबई-रांची उड़ान का किराया करीब 21,600 रुपये और चेन्नई-रांची का करीब 14,500 रुपये दर्ज किया गया है।

अक्टूबर में यही रूट काफी सस्ते

त्योहार से पहले अक्टूबर की बुकिंग पर नजर डालें तो रांची से प्रमुख शहरों के लिए शुरुआती किराया फिलहाल काफी कम है। एयर इंडिया एक्सप्रेस की मौजूदा बुकिंग के अनुसार रांची से दिल्ली का टिकट करीब 6,249 रुपये, मुंबई 7,881 रुपये और बेंगलुरु करीब 7,609 रुपये से शुरू हो रहा है।

पुणे के लिए शुरुआती किराया करीब 8,333 रुपये है, जबकि गोवा के लिए कुछ तारीखों पर किराया करीब 9,342 रुपये से ऊपर दिख रहा है।

रांची आने का किराया भी बढ़ा

सिर्फ रांची से बाहर जाने वाली फ्लाइट ही नहीं, बल्कि त्योहार के दौरान दूसरे शहरों से रांची आने वाले यात्रियों को भी महंगा टिकट मिल रहा है। अक्टूबर में शुरुआती किराया फिलहाल इस तरह है—

दिल्ली से रांची : करीब 6,413 रुपये
मुंबई से रांची : करीब 7,401 रुपये
बेंगलुरु से रांची : करीब 7,554 रुपये
पुणे से रांची : करीब 8,580 रुपये

ये शुरुआती इकोनॉमी किराये हैं। सीटों की उपलब्धता और बुकिंग के समय के साथ इनमें बदलाव हो सकता है।

ट्रेन में सीट नहीं मिली तो फ्लाइट भी नहीं छोड़ेगी जेब

त्योहार के सीजन में बड़ी संख्या में लोग दूसरे राज्यों से झारखंड लौटते हैं। ट्रेनों में कंफर्म सीटों की कमी के बीच जिन यात्रियों के पास हवाई सफर का विकल्प है, उन्हें अब बढ़े हुए किराये का सामना करना पड़ रहा है।

मांग बढ़ने और सीटें कम होने के साथ आने वाले दिनों में किराये में और बदलाव की संभावना बनी हुई है। ऐसे में त्योहार पर यात्रा की योजना बना रहे यात्रियों के लिए जल्द बुकिंग करना महत्वपूर्ण हो सकता है।

रांची एयरपोर्ट से बढ़ेंगी उड़ानें?

रांची एयरपोर्ट से हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में इंडिगो ने बेंगलुरु, नवी मुंबई और पुणे के लिए नई उड़ानें शुरू करने का प्रस्ताव दिया है। हालांकि इन उड़ानों के नियमित संचालन की अंतिम पुष्टि और समय-सारिणी अभी सामने आना बाकी है।फिलहाल रांची एयरपोर्ट से रोजाना 42 से अधिक विमानों का संचालन हो रहा है।

एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए नई सुविधाएं

रांची एयरपोर्ट पर इस वर्ष यात्रियों के लिए कई नई सुविधाएं भी शुरू की गई हैं। मई में उड़ान यात्री कैफे, एवीएसएआर काउंटर, किड्स जोन और फ्लाइबरी जैसी सुविधाएं शुरू की गईं।

टिकट बुक करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

त्योहार के दौरान फ्लाइट टिकट बुक करने से पहले यात्रियों को सिर्फ किराया ही नहीं, बल्कि बैगेज चार्ज, सीट चयन शुल्क और टिकट में बदलाव या कैंसिलेशन के नियम भी देख लेने चाहिए।

पूर्व संयुक्त महाप्रबंधक, रांची एयरपोर्ट धनंजय तिवारी का कहना है कि विमान किराया मांग और उपलब्ध सीटों के हिसाब से तेजी से बदलता है। ऐसे में यात्रियों को एक-दो दिन आगे-पीछे की तारीखों पर किराये की तुलना करनी चाहिए।