रांची। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को रांची में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। महानगर कांग्रेस, रांची ग्रामीण कांग्रेस और महिला कांग्रेस के संयुक्त नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने समाहरणालय के समक्ष प्रदर्शन कर CEC ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। कांग्रेस ने SIR को लेकर चुनाव आयोग पर गंभीर सवाल उठाते हुए आंदोलन जारी रखने की बात कही।
राज्य कार्यालय से निकला आक्रोश मार्च
कांग्रेस के बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता पार्टी के राज्य कार्यालय से आक्रोश मार्च निकालकर रांची समाहरणालय पहुंचे। हाथों में झंडे और बैनर लिए कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर नारे लगाए गए।
रांची में कांग्रेस की ओर से पिछले दिनों भी SIR को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया गया था। मंगलवार को भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय की ओर मार्च किया था, जहां बैरिकेडिंग को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की स्थिति बनी थी।
‘SIR ने जिंदा लोगों को बना दिया भूत’
बुधवार के प्रदर्शन में कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता भूत का रूप धारण कर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के कारण जिंदा लोगों को भी रिकॉर्ड में मृत या अनुपस्थित जैसा दिखाया जा रहा है। इसी विरोध को प्रतीकात्मक रूप देने के लिए उन्होंने भूत का रूप धारण किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने SIR प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों की जांच और मतदाता सूची में नाम हटाए जाने को लेकर पारदर्शिता की मांग की।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
समाहरणालय के समक्ष हुए प्रदर्शन में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, कांके विधायक सुरेश बैठा, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव गुंजन सिंह, झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रमा खलखो, रांची महानगर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा और ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और SIR से जुड़े सवालों के समाधान तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। चुनाव आयोग और भाजपा की ओर से कांग्रेस के इन आरोपों को खारिज किया गया है; आयोग SIR को मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया बताता है।

