रांची। रांची रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग क्षेत्र में मंगलवार की अहले सुबह गश्त के दौरान आरपीएफ टीम पर हमला कर दिया गया। इस दौरान पथराव में दो आरपीएफ जवान घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए गुरु नानक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरपीएफ ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
चेकिंग के दौरान शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब तीन बजे आरपीएफ पोस्ट कमांडर सह निरीक्षक शिशुपाल कुमार के नेतृत्व में टीम स्टेशन परिसर में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पार्किंग क्षेत्र में पांच से छह ट्रांसजेंडर नजर आए।
आरपीएफ जवानों ने उन्हें वहां से हटने को कहा, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज की गई और कुछ लोगों ने अशोभनीय प्रदर्शन किया।
साथियों को बुलाकर शुरू कर दिया पथराव
आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया। इसके बाद आरपीएफ जवानों पर पथराव शुरू कर दिया गया।
पथराव में आरक्षी केके महतो की बायीं कलाई में फ्रैक्चर हो गया, जबकि प्रधान आरक्षी संतोष कुमार की पीठ पर पत्थर लगने से चोट आई। दोनों घायल जवानों को इलाज के लिए गुरु नानक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
स्थिति बिगड़ने पर आरपीएफ ने आत्मरक्षा में बल प्रयोग किया। कार्रवाई के दौरान मधुकम तालाब निवासी लियोनी राय को मौके से हिरासत में लिया गया। वहीं, अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।आरपीएफ फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

