रांची। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को रांची के JSCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले टी20 मुकाबले का खुमार अभी से क्रिकेट फैंस के सिर चढ़कर बोल रहा है। सोमवार, 5 अक्टूबर से मैच के ऑफलाइन टिकटों की बिक्री शुरू होते ही टिकट काउंटरों पर क्रिकेट प्रेमियों की लंबी कतारें लग गईं। रांची ही नहीं, झारखंड के अलग-अलग जिलों और बिहार से भी बड़ी संख्या में फैंस टिकट खरीदने पहुंचे।
सुबह से टिकट के लिए कतार में डटे फैंस
कई क्रिकेट प्रेमी सुबह 6 से 8 बजे के बीच ही टिकट काउंटर के बाहर पहुंच गए थे। धूप और लंबी कतार के बावजूद फैंस का उत्साह कम नहीं हुआ। टिकट बिक्री के लिए महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई है। महिलाओं की लाइन में भी बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी नजर आए। कई महिलाएं अपने पति, भाई और परिवार के दूसरे सदस्यों के लिए टिकट लेने पहुंचीं।
वैभव सूर्यवंशी को लाइव देखने का क्रेज
इस मैच को लेकर बिहार से पहुंचे क्रिकेट प्रेमियों में युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को देखने का खासा उत्साह है। कई फैंस का कहना है कि वे सिर्फ भारत-वेस्टइंडीज मुकाबला देखने नहीं, बल्कि वैभव को मैदान पर लाइव खेलते देखने के लिए भी टिकट खरीद रहे हैं।
रांची और झारखंड के दूसरे जिलों से पहुंचे क्रिकेट फैंस के बीच भी वैभव को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। फैंस का कहना है कि युवा खिलाड़ी का खेल देखने का अनुभव उनके लिए खास होगा।
हार्दिक-अभिषेक के भी फैंस
टिकट लेने पहुंचे क्रिकेट प्रेमियों से जब उनके पसंदीदा खिलाड़ियों के बारे में पूछा गया तो किसी ने हार्दिक पांड्या, तो किसी ने अभिषेक शर्मा का नाम लिया। वहीं, कुछ फैंस अब भी विराट कोहली को अपना पसंदीदा खिलाड़ी बताते नजर आए। हालांकि विराट इस मुकाबले का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन उनके प्रशंसकों का क्रिकेट के प्रति उत्साह कम नहीं हुआ है।

5 और 6 अक्टूबर को ही ऑफलाइन टिकट
भारत-वेस्टइंडीज टी20 मुकाबले के ऑफलाइन टिकटों की बिक्री 5 और 6 अक्टूबर को होगी। एक व्यक्ति अधिकतम दो टिकट खरीद सकता है। टिकट बिक्री के लिए कुल पांच काउंटर बनाए गए हैं। महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है।
लोहरदगा से टिकट लेने पहुंचे दिव्यांग फैन
मैच को लेकर दिव्यांग क्रिकेट प्रेमियों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। दिव्यांगजनों के लिए अलग कतार की व्यवस्था की गई है, जबकि टिकट काउंटर की व्यवस्था साझा है। लोहरदगा से पहुंचे एक दिव्यांग फैन ने बताया कि वह खास तौर पर वैभव सूर्यवंशी को मैदान पर खेलते देखने के लिए रांची आए हैं।
बिहार के साथ-साथ झारखंड के कई जिलों से क्रिकेट प्रेमी टिकट लेने पहुंच रहे हैं। टिकट काउंटरों पर उमड़ी भीड़ बता रही है कि 9 अक्टूबर को JSCA स्टेडियम में भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले के दौरान क्रिकेट का जुनून अपने चरम पर रहने वाला है।

