रांची। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को रांची में होने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले मैच को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

एयरपोर्ट से जेएससीए स्टेडियम की दूरी करीब 7 किलोमीटर है। ऐसे में मैच के दौरान स्टेडियम और उसके आसपास ड्रोन की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि क्रिकेट मुकाबले के साथ-साथ विमानों का परिचालन भी सुरक्षित और सामान्य बना रहे।

20 किलोमीटर का क्षेत्र फ्लाइंग जोन में

एयरपोर्ट की करीब 20 किलोमीटर की परिधि फ्लाइंग जोन के अंतर्गत आती है। इस क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने के लिए एयरपोर्ट प्रबंधन अथवा सक्षम प्राधिकारी से अनुमति लेना अनिवार्य है।

वहीं, एयरपोर्ट परिसर के आसपास करीब 5.5 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत इस नियम का सख्ती से पालन कराया जाएगा।

स्टेडियम के आसपास 300 फीट से ज्यादा ऊंचाई पर ड्रोन पर रोक

जेएससीए स्टेडियम के आसपास भी ड्रोन उड़ाने को लेकर विशेष प्रतिबंध रहेगा। यहां 90 मीटर यानी 300 फीट से अधिक ऊंचाई पर ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं होगी।

भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले के दौरान सुरक्षा एजेंसियां ड्रोन गतिविधियों पर नजर रखेंगी। एयरपोर्ट और स्टेडियम के बीच हवाई यातायात की सुरक्षा को देखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जा सकती है।