रांची। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को होने वाले टी20 मुकाबले को लेकर रांची पूरी तरह तैयार है। दोनों टीमें बुधवार, 7 अक्टूबर को राजधानी पहुंचेंगी और खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था रेडिशन ब्लू होटल में की गई है। खिलाड़ियों के आगमन से पहले ही होटल में उनके लिए खास फूड मेन्यू तैयार कर लिया गया है। इसमें फिटनेस और डाइट का ध्यान रखते हुए भारतीय, कॉन्टिनेंटल और वेस्टर्न व्यंजनों के साथ झारखंड के पारंपरिक पकवान भी शामिल किए गए हैं।
प्रोटीन से भरपूर होगा खिलाड़ियों का खाना
खिलाड़ियों की फिटनेस को ध्यान में रखते हुए मेन्यू में लीन प्रोटीन को खास तवज्जो दी गई है। इसमें चिकन टिक्का, ग्रिल्ड चिकन, तंदूरी और रोस्टेड लैम्ब चॉप्स के साथ फ्राइड और बेक्ड फिश शामिल है।
शाकाहारी खिलाड़ियों के लिए पनीर टिक्का, पालक पनीर, दाल तड़का, चना, राजमा और सोया से बने कई विकल्प रखे गए हैं। बीसीसीआई के दिशा-निर्देशों के मुताबिक खिलाड़ियों की सुरक्षा और धार्मिक मान्यताओं को ध्यान में रखते हुए बुफे में पोर्क और बीफ शामिल नहीं किया जाएगा।
नाश्ते में पोहा-इडली, फल और अंडे
सुबह के नाश्ते में खिलाड़ियों को ओट्स, पोहा, इडली-सांभर, ताजे फल और अंडे की अलग-अलग डिश परोसी जाएगी। वहीं कॉन्टिनेंटल और वेस्टर्न फूड में पास्ता, रोस्ट मीट और स्टीम की गई सब्जियों के विकल्प होंगे।ऑलिव ऑयल और एवोकाडो जैसे हेल्दी विकल्प भी मेन्यू का हिस्सा रहेंगे।
फिटनेस के साथ स्वाद का भी पूरा ध्यान
मैच और प्रैक्टिस के दौरान खिलाड़ियों की ऊर्जा बनाए रखने के लिए स्पोर्ट्स ड्रिंक्स, प्रोटीन शेक, ड्राई फ्रूट्स, नट्स और केले उपलब्ध रहेंगे। डेजर्ट में फ्रूट सलाद को प्राथमिकता दी जाएगी, जबकि सीमित मात्रा में लो-फैट आइसक्रीम भी परोसी जाएगी।
रांची पहुंचकर झारखंडी स्वाद भी चखेंगे खिलाड़ी
खास बात यह है कि मेहमान खिलाड़ियों को झारखंड के पारंपरिक स्वाद से रूबरू कराने की भी तैयारी है। मेन्यू में धुसका, चावल का पीठा, मड़ुआ की रोटी, लिट्टी-चोखा और चिलका रोटी जैसे स्थानीय व्यंजन शामिल किए गए हैं।
यानी 9 अक्टूबर को जेएससीए स्टेडियम में क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा, तो उससे पहले भारतीय और वेस्टइंडीज के खिलाड़ी रांची के होटल में झारखंडी स्वाद का भी आनंद लेते नजर आएंगे।

