रांची। भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का रोमांच जारी है, लेकिन 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए स्टेडियम में होने वाले मुकाबले के टिकट की कीमत चर्चा में है। सीरीज के अलग-अलग शहरों में टिकट दरों की तुलना करें तो सामान्य शुरुआती टिकट के मामले में रांची सबसे महंगा पड़ रहा है।
6 अक्टूबर को लखनऊ में खेले गए पहले टी20 मुकाबले के लिए टिकट की शुरुआती कीमत 399 रुपये थी। वहीं रांची में 9 अक्टूबर के मैच के लिए सबसे सस्ता टिकट 1600 रुपये का है। यानी शुरुआती टिकट की तुलना में रांची में दर्शकों को लखनऊ के मुकाबले 1201 रुपये ज्यादा खर्च करने पड़ रहे हैं।
रांची में 1600 से 18 हजार रुपये तक टिकट
जेएससीए की ओर से जारी दरों के मुताबिक रांची में टिकट की कीमत अलग-अलग श्रेणियों में तय की गई है।
ईस्ट और वेस्ट हिल – 1600 रुपये
विंग ए और सी अपर टियर – 2000 रुपये
विंग बी अपर टियर – 2500 रुपये
विंग ए और सी लोअर टियर – 3000 रुपये
विंग बी लोअर टियर – 3500 रुपये
अमिताभ चौधरी पवेलियन प्रीमियम टेरेस – 4500 रुपये
कॉरपोरेट बॉक्स – 8000 रुपये
एमएस धोनी पवेलियन लक्जरी पार्लर – 10,000 रुपये
कॉरपोरेट लाउंज – 15,000 रुपये
प्रेसिडेंट्स एनक्लोजर – 18,000 रुपये
यानी रांची में सामान्य दर्शकों के लिए शुरुआती टिकट 1600 रुपये से शुरू होकर सबसे महंगी श्रेणी में 18 हजार रुपये तक पहुंच रहा है।
लखनऊ में 399, इंदौर में करीब 1000 से शुरुआत
6 अक्टूबर को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले टी20 के लिए टिकट 399 रुपये से शुरू हुआ था। प्रीमियम और आतिथ्य श्रेणी में इसकी कीमत करीब 13,500 रुपये तक रही।
वहीं 11 अक्टूबर को इंदौर के होलकर स्टेडियम में होने वाले तीसरे मुकाबले के लिए शुरुआती टिकट करीब 1000 रुपये से बताया जा रहा है। पवेलियन श्रेणी में टिकट 5500 से 8500 रुपये और आतिथ्य श्रेणी में 11 हजार से 12,500 रुपये तक है।
14 अक्टूबर को हैदराबाद और 17 अक्टूबर को बेंगलुरु में होने वाले मुकाबलों के लिए उपलब्ध जानकारी के अनुसार शुरुआती टिकट क्रमशः करीब 750 और 1200 रुपये से शुरू होने की संभावना है। अंतिम श्रेणीवार दरें संबंधित क्रिकेट संघ की बिक्री व्यवस्था के अनुसार तय होंगी।
चार लोगों का मैच देखने का खर्च कम से कम 6400 रुपये
अगर रांची में चार लोगों का परिवार सबसे सस्ती टिकट श्रेणी में मैच देखने जाता है तो सिर्फ टिकट पर 6400 रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा ऑनलाइन बुकिंग शुल्क, टैक्स और आने-जाने का खर्च अलग होगा।
वहीं लखनऊ में 399 रुपये की शुरुआती दर के हिसाब से चार टिकट की कीमत महज 1596 रुपये बैठती है। इस लिहाज से रांची में चार लोगों के टिकट पर लखनऊ के मुकाबले 4804 रुपये ज्यादा खर्च होंगे।
महंगे टिकट का बिक्री पर भी दिखा असर
टिकट की कीमतों का असर बिक्री पर भी नजर आ रहा है। जानकारी के मुताबिक मैच से पहले दो दिनों में करीब 18 हजार टिकट ही बिक सके। पहले रांची में अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के टिकट बेहद कम समय में बिक जाने की स्थिति रही है।
पहले दिन ऑनलाइन और काउंटर से करीब 8 हजार टिकट बिके, जबकि मंगलवार को लगभग 10,200 टिकटों की बिक्री हुई। इसमें काउंटर के अलावा जेएससीए सदस्यों और संबद्ध जिलों के टिकट भी शामिल हैं।
दूसरे दिन काउंटर के बाहर भी पहले की तुलना में कम भीड़ देखने को मिली। ऐसे में टिकट की ऊंची कीमतों को कम बिक्री की एक संभावित वजह माना जा रहा है।
बुधवार को फिर ऑनलाइन बिक्री, काउंटर रहेगा बंद
जेएससीए बुधवार को एक बार फिर ऑनलाइन टिकट बिक्री करेगा, जबकि काउंटर बंद रहेंगे। जेएससीए स्टेडियम की क्षमता 38 हजार से अधिक दर्शकों की है। ऐसे में मैच से पहले बचे टिकटों की बिक्री बढ़ाने पर अब जेएससीए का फोकस रहेगा।

