हरियाणा के उद्योग, वाणिज्य एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने रेवाड़ी के वीर सावरकर उद्यान में 'अखंड भारतवर्ष द्वार' की आधारशिला रखी है। इस मौके पर उन्होंने सावरकर को सच्चा राष्ट्रभक्त बताते हुए विकास कार्यों के लिए 25 लाख रुपये और विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने 10 लाख रुपये देने का ऐलान किया।
धनेश विद्यार्थी, रेवाड़ी। हरियाणा के उद्योग, वाणिज्य एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने स्वतंत्रता सेनानी, प्रखर राष्ट्रवादी और विचारक विनायक दामोदर सावरकर की जयंती पर स्थानीय वीर सावरकर उद्यान में अखंड भारतवर्ष द्वार का शिलान्यास किया। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय वीर सावरकर मंच तथा वीर सावरकर उद्यान विकास समिति ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में हुआ, जिसमें मंत्री राव नरबीर सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए जबकि उनके साथ विशिष्ट अतिथि विधायक लक्ष्मण यादव थे। कार्यक्रम में मंत्री राव नरबीर सिंह ने 25 लाख रुपए देने की घोषणा की। विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने भी वीर सावरकर उद्यान और अखंड भारतवर्ष द्वार के निर्माण के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। इस मंच से मंत्री राव नरबीर सिंह ने वीर सावरकर को नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन मातृभूमि की स्वतंत्रता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए समर्पित रहा और वे सच्चे राष्ट्रभक्त थे।

सावरकर के संघर्ष को किया याद
उन्होंने देश की आजादी के लिए सेलुलर जेल में असंख्य यातनाएं झेल कर भी कभी अंग्रेजों के सामने घुटने नहीं टेके। उनका राष्ट्रवाद के प्रति संकल्प अडिग था, जो आज भी करोड़ों युवाओं में देशभक्ति की लौ जलाता है। उन्होंने कहा कि आज हम अपने वीर शहीदों की बदौलत ही खुली हवा में सांस ले रहे हैं। हमें अपने वीर शहीदों के दिखाए मार्ग पर चलते हुए देश के विकास में अपना योगदान देने के लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए। यह अखंड भारतवर्ष द्वार वीर सावरकर की जीवन के संघर्ष से रूबरू करवाते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करेगा। मंत्री राव नरबीर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी स्वतंत्रता सेनानियों के दिखाए मार्ग पर चलते हुए विकसित भारत-2047 का संकल्प लिया है। इस संकल्प को पूरा करने में हरियाणा भी अग्रणी भूमिका में रहेगा।
समान रूप से होगा विकास कार्य
उन्होंने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार बिना भेदभाव के समान रूप से पूरे प्रदेश में विकास कार्य करवा रही है। सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचा रही है। मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में नई उद्योग नीति 1 जून से लागू की जाएगी। यह उद्योग नीति देश के समस्त राज्यों से सबसे बेहतर उद्योग नीतियों में से एक होगी। इस नीति में उद्योगों की सभी सहूलियत का विशेष रूप से ध्यान रखा गया है। इसके साथ-साथ गुरुग्राम में भी ग्लोबल सिटी बनाई जाएगी, जिसकी विश्व स्तर पर पहचान होगी। इसके अलावा रेवाड़ी में भी बावल के बाद कोसली क्षेत्र में भी आईएमटी का निर्माण करवाया जाएगा। यह आईएमटी प्रदेश की सबसे बड़ी आईएमटी के रूप में विकसित की जाएगी।

भव्य बनेगा अखंड भारतवर्ष द्वार
रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने महान स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर की जयंती पर उनको नमन करते हुए कहा कि वीर सावरकर ने देश की आजादी के लिए कड़ा संघर्ष किया। उन्होंने अपने जीवनकाल में दो बार कारावास की यातनाएं झेल कर हमें आजादी दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि उनके संघर्ष के बारे में जानकर आज भी हमारे रोंगटे खड़े हो जाते है। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए देशहित में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि रेवाड़ी में अखंड भारतवर्ष द्वार का भव्य निर्माण करवाया जाएगा। इसके साथ-साथ वीर सावरकर उद्यान में वीर सावरकर के जीवन से प्रेरित करती हुई प्रदर्शनी आदि भी लगाई जाएगी। इस अवसर पर वीर सावरकर उद्यान समिति के संरक्षक श्रीनिवास शास्त्री, अध्यक्ष रिपुदमन गुप्ता, महासचिव समाजसेवी अशोक सोमाणी, सुरेश जाजोरिया उपस्थित रहे।
धूमधाम से संपन्न हुआ भूमि पूजन
इसके साथ ही डा. रमेश यादव, नरेंद्र चौहान, सुधीर भार्गव व मंच संचालक सत्यवीर नाहड़िया, तरुण जैन और शिव कुमार आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम अध्यक्ष प्रमुख उद्योगपति अशोक सोमाणी ने इस मंच से नगर में बनने वाले इस अखंड भारत वर्ष द्वार को रेवाड़ी का गौरव बताते हुए कहा कि यह आने वाली पीढ़ियों को नई प्रेरणा देगा। कार्यक्रम की शुरुआत संगीतज्ञ श्रीपति शेखावत के संगीत निर्देशन में सविता मदान, पूनम भारद्वाज तथा सिमरन सांगवान ने भारत माता की आरती गायन से की। धर्माचार्य पंडित दिलीप शास्त्री और दिनेश कौशिक की देखरेख में इस द्वार का भूमि पूजन एवं शिलान्यास हुआ। आयोजक संस्था विचार मंच के संरक्षक आचार्य श्रीनिवास शर्मा शास्त्री ने सावरकर विचार मंच के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए अभिनंदन पत्र प्रस्तुत किया। समिति के अध्यक्ष रिपुदमन गुप्ता ने सभी का अभिनंदन किया।

सहयोगी और दानवीर हुए सम्मानित
इस कार्यक्रम के मंच पर दानवीरों का सम्मान भी हुआ, जिनमें डॉ. रमेश यादव, महिपाल यादव, पवन गुप्ता, श्रीभगवान यादव, अमित वर्मा, डॉ. नरेंद्र यादव, बृजलाल गोयल, दीपा भारद्वाज, रिपुदमन गुप्ता तथा सुरेश जाजोरिया आदि शामिल हैं। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार तरुण जैन, ऋषि सिंहल, शिवकुमार, पूर्व नगर पार्षद राजेंद्र सिंघल, पूर्व पार्षद मनीष गुप्ता, दिनेश कौशिक, खूबराम धूपिया, शशि सैनी, महिपाल आदि ने विभिन्न प्रभार संभाले जबकि उपाध्यक्ष डॉ. पवन गोयल ने सभी का आभार जताया। कार्यक्रम में शामिल सामाजिक कार्यकर्ताओं में अधिवक्ता नरेश चौहान, सुधीर भार्गव, हरेंद्र यादव, प्रो. रमेशचंद्र शर्मा, दशरथ चौहान, दिनेश कपूर, दयाराम आर्य, देशराज यादव, अनिल यादव, देशराज जाखड़ लोहानी, सुनील शर्मा, नैंसी, वंशिका, यश जाखड़ शामिल हैं।

