Odisha Desk, सोनेपुर: ओडिशा के सुवर्णपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बिनिका ब्लॉक की वर्तमान ब्लॉक अध्यक्ष दीप्तिरेखा नंदा के आवास पर शुक्रवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की। हमलावरों ने उनके घर को निशाना बनाते हुए करीब 25 राउंड गोलियां चलाईं। गनीमत यह रही कि इस हमले में घर के अंदर मौजूद परिवार का कोई भी सदस्य घायल नहीं हुआ।

यह हमला बिनिका ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले सिंगीयुबा गांव में स्थित उनके निजी निवास पर हुआ। फायरिंग के समय इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन परिसर के अंदर और बाहर खड़ी दो कारों पर कई गोलियां लगी हैं। बुलेट लगने की वजह से दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

दीप्तिरेखा नंदा के पति अशोक नंदा क्षेत्र के एक बेहद प्रभावशाली और प्रमुख स्थानीय नेता हैं। वह वर्तमान में युवा बीजेडी (बीजू जनता दल) के जिला अध्यक्ष हैं। इसके साथ ही वह पहले खुद भी बिनिका ब्लॉक के चेयरमैन के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

इस हमले के पीछे की मुख्य वजह और बदमाशों के इरादे अभी तक साफ नहीं हो पाए हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंच गई है। हमलावरों की पहचान करने के लिए पुलिस की टीमें आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए गहन जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही वे पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m