दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। जिले की दो सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) दुकानों में करीब ₹1.04 करोड़ के राशन की भारी हेराफेरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जांच में ई-पॉस मशीन के रिकॉर्ड में दर्ज हजारों किलो गेहूं और चावल का मौके पर 10 प्रतिशत स्टॉक भी नहीं मिला।
भौतिक सत्यापन में फर्जीवाड़ा उजागर
दरअसल भौतिक सत्यापन में बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर हुआ, दुकान 2601055 ई-पॉस पर 14,070 किलो गेहूं और 3,406 किलो चावल दर्ज था, पर मौके पर केवल 300 किलो गेहूं और 100 किलो चावल मिला। (₹33.17 लाख की गड़बड़ी) दुकान 2601065 रिकॉर्ड में 20,757 किलो गेहूं और 4,919 किलो चावल होना था, लेकिन मिला सिर्फ 400 किलो गेहूं व 200 किलो चावल। (₹70.82 लाख की गड़बड़ी) कागजों में मई 2025 में ही जून से अगस्त तक का राशन बांटना दिखा दिया गया, जबकि 250 से 300 परिवारों को तीन महीने से दाना-दाना नसीब नहीं हुआ।
आरोपियों से वसूली भू-राजस्व की तर्ज पर होगी
मामले में लगभग एक साल बाद प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी सरोज सिंह परिहार ने 28 सितंबर 2026 को आदेश जारी कर दुकान प्रबंधक प्रकाश तिवारी और विक्रेता हर्ष तिवारी (पिता-पुत्र) के खिलाफ FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अमित साहू ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। आरोपियों से ₹1,03,99,851 की वसूली भू-राजस्व की तर्ज पर होगी। दोनों दुकानों को निलंबित कर हितग्राहियों को नजदीकी जय भोले व बालागंज उपभोक्ता भंडार से अटैच कर दिया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

