सुशील खरे, रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से नशे के कारोबार को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिले की आलोट थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 60 किलो 750 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 9 लाख 11 हजार रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और ग्रामीण अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई है।
खेत के कच्चे रास्ते पर दबोची गईं महिलाएं
मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर आलोट की एसडीओपी पल्लवी गौर को मुखबिर से सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस टीम ने पिपलिया सिसोदिया गांव के पास खेतों के कच्चे रास्ते पर दबिश देकर चारों महिलाओं को धर दबोचा। गिरफ्तार की गई सभी आरोपी महिलाएं मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले की रहने वाली हैं। पुलिस ने थाना आलोट में अपराध क्रमांक 583/2026, धारा 8/15 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
गुजरात ले जाया जा रहा था मादक पदार्थ
एसडीओपी पल्लवी गौर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पूछताछ में महिलाओं ने खुलासा किया है कि वे यह डोडाचूरा पिपलिया सिसोदिया के रहने वाले गोपाल मालवीय से लेकर आई थीं और इसे गुजरात ले जा रही थीं। मुख्य तस्कर गोपाल मालवीय की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है। हालांकि पुलिस रिकॉर्ड में इन महिलाओं का पुराना आपराधिक इतिहास ऑनलाइन नजर नहीं आ रहा है, लेकिन इनमें से तीन महिलाओं का कहना है कि वे पहले भी जेल जा चुकी हैं, जिसकी पुलिस गहराई से जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार चारों महिलाएं झाबुआ के ग्रामीण अंचलों से ताल्लुक रखती हैं। अक्सर कमजोर आर्थिक स्थिति, बेरोजगारी और कम समय में ज्यादा पैसे कमाने के लालच में ये महिलाएं बड़े तस्करों के जाल में फंस जाती हैं। संगठित सिंडिकेट पर्दे के पीछे रहकर इन महिलाओं को ‘कैरियर’ के रूप में इस्तेमाल करते हैं, ताकि असली मास्टरमाइंड कानून की गिरफ्त से बचे रहें। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के अन्य चेहरों की तलाश में जुटी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

