सुशील खरे, रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के जावरा के पास दिल्ली-मुंबई-एक्सप्रेस-वे पर एक कार अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरी। इससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार गुजरात के एक जीएसटी अधिकारी, उनकी पत्नी व दो बेटे घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं कार में लगभग 55 लाख रुपए से अधिक नकद व जेवर मिले है। पुलिस ने वीडियोग्राफी कराकर रुपए व जेवर अपने पास सुरक्षित रखे है। दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चला है, पुलिस जांच कर रही है।

गुजरात से राजस्थान जा रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, गुजरात के वापी में पदस्थ जीएसटी विभाग के अधिकारी प्रवीण मीणा (40) मूल रूप से राजस्थान के गंगानगर के रहने वाले है। वे दीपावली पर्व मनाने के लिए गुरुवार को पत्नी संतोष (37) और पुत्र आदित्य (10) व अथर्व (8) के साथ गुजरात से कार में सवार होकर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से अपने घर गंगानगर जा रहे थे। वे शाम करीब साढ़े चार बजे रतलाम होकर गुजर रहे थे, तभी रतलाम जिले के जावरा के नागदी व सादाखेड़ी बायपास के ट्रेचिंग ग्राउंड के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर एक्सप्रेस-वे से नीचे जाकर पलट गई।

ये भी पढ़ें: MP सड़क हादसे में 3 मौतः महू में ट्रक की टक्कर से 2 महिलाओं की मौत, वहीं सिंगरौली में हाईवा और बल्कर की भिड़ंत में 1 की जान गई

इससे प्रवीण मीणा, उनकी पत्नी व दोनों बेटे घायल हो गए और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर डॉयल 112 की टीम, सरसी पुलिस चौकी के प्रभारी मोहम्मद अय्यूब खान दल के साथ मौके पर पहुंचे। आसपास के कुछ लोग भी वहां पहुंच गए थे। पुलिस ने घायलों को कार से निकाला और इलाज के लिए जावरा के सरकारी अस्पताल भिजवाया। कुछ समय बाद जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी सुमित मिश्रा भी जावरा के सरकारी अस्पताल पहुंचे व घायलों से मुलाकात की।

मेडिकल कॉलेज रेफर

जावरा के सरकारी अस्पताल में घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद जीएसटी अधिकारी प्रवीण मीणा व उनकी पत्नी व बच्चों को मेडिकल कॉलेज रतलाम रेफर किया गया। उधर, पुलिस को जांच के दौरान कार में लाखों रुपए नकदी व सोने-चांदी के जेवर मिले। पुलिस ने वीडियोग्राफी कराकर रुपयों व जेवरों को अपनी अभिरक्षा में लेने की कार्रवाई की। पुलिस सूत्र के अनुसार बताया कि कार से करीब 55 लाख रुपए व जेवर मिले है। जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी सुमित मिश्रा ने बताया कि घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m