सुशील खरे, रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले अंतर्गत जावरा के चर्चित प्रेसिडेंट होटल कांड में हर बीतते दिन के साथ स्थिति बेहद नाजुक और गंभीर मोड़ लेती जा रही है। पत्नी द्वारा पुलिस की मौजूदगी में गैर-महिला के साथ पकड़े गए दो बच्चों के पिता विजय दगदी आचार्य ने सोमवार सुबह सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। इससे पहले शनिवार शाम को इसी मामले से जुड़ी महिला ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया था। दोनों का फिलहाल रतलाम मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।

फेसबुक वीडियो में खुद को बताया निर्दोष

सोमवार सुबह विजय दगदी ने अपने फेसबुक अकाउंट से एक भावुक और चौंकाने वाला वीडियो शेयर किया। वीडियो में उसने खुद को पूरी तरह निर्दोष बताते हुए अपनी सफाई दी। उसने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पेज ‘जावरा सिटी’ और उसके संचालक ने बिना पूरी जानकारी के वीडियो वायरल कर उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई और उसे इस कदम को उठाने पर मजबूर किया। वीडियो रिकॉर्डिंग के दौरान ही विजय की तबीयत अचानक तेजी से बिगड़ने लगी। यह देख आसपास के लोगों ने तुरंत उसे जावरा अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

आक्रोशित समाज जनों ने घेरा थाना 

घटना का वीडियो सामने आते ही जहां सोशल मीडिया पर लोगों ने विजय को बचाने और मदद की गुहार लगाई, वहीं विजय के समर्थक और समाजजन आक्रोशित होकर जावरा थाने पहुंच गए। समाजजनों का आरोप है कि बिना तथ्यों की पुष्टि किए वीडियो चलाकर चरित्र हनन किया गया। उन्होंने ‘जावरा सिटी’ पेज और उसके संचालक के खिलाफ सख्त धाराओं में एफआईआर दर्ज कर तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।

दो दिन पहले महिला ने भी उठाया था आत्मघाती कदम 

गौरतलब है कि दो दिन पहले इस मामले से जुड़ी महिला ने भी मानसिक तनाव में आकर जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी की कोशिश की थी। उसे भी इलाज के लिए रतलाम के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। इस दर्दनाक घटनाक्रम ने सोशल मीडिया पर चलने वाले ट्रायल और 30-40 सेकंड की अधूरी रील्स/वीडियो पर सवालिया निशान लगा दिया है। बिना पूरी सच्चाई और आधिकारिक पुष्टि के वीडियो वायरल करने के क्या दुष्परिणाम हो सकते हैं, यह मामला उसका प्रत्यक्ष उदाहरण बन गया है।

पुलिस जांच जारी

मामले में जानकारी देते हुए एडिशनल एसपी (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल ने स्थानीय मीडिया को बताया कि जावरा होटल घटनाक्रम से जुड़े दोनों पक्षों द्वारा उठाए गए आत्मघाती कदमों और सोशल मीडिया वायरल वीडियो मामले की गहन जांच की जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं और जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m