सुशील खरे, रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले अंतर्गत नामली थाना पुलिस ने शनिवार शाम एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना नंबर की संदिग्ध क्रेटा कार से नोटों से भरा बोरा बरामद किया है। बोरे में 100, 200 और 500 रुपये के नोटों की गड्डियां भरी हुई थीं। शुरुआती अनुमान के मुताबिक कार से बरामद रकम करीब 70 से 75 लाख रुपये के आसपास बताई जा रही है। पुलिस ने नकदी और कार दोनों को जब्त कर लिया है।

ये भी पढ़ें: कागजों में सिमटा खेल दिवस! 230 में से केवल 10 स्कूल पहुंचे, अफसरों की लापरवाही ने छीना 14 हजार बच्चों का हक!

पंचेड़ फंटे पर घेराबंदी कर पकड़ा

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने शनिवार शाम पंचेड़ फंटे पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की क्रेटा कार को रोककर तलाशी ली। कार की तलाशी लेने पर उसमें रखा एक बोरा मिला, जिसे खोलने पर पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। बोरा खोलते ही उसमें बड़ी मात्रा में करेंसी नोटों की गड्डियां मिलीं।

सराफा बाजार से मंगाई गई नोट गिनने की मशीनें

इसके बाद पुलिस तत्काल कार और नकदी से भरे बोरे को नामली थाने ले आई। रकम की विशाल मात्रा को देखते हुए सही गिनती के लिए नामली के सराफा व्यापारियों से दो नोट गिनने वाली मशीनें मंगवाई गईं। थाना प्रभारी के चैंबर में पुलिसकर्मियों की कड़ी मौजूदगी में नोटों की गिनती की जा रही है। सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखने के लिए बाहरी लोगों का चैंबर में प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है।

ये भी पढ़ें: दर्दनाक हादसाः निजी अस्पताल की लिफ्ट में फंसने से मरीज की मौत, परिजनों ने किया जमकर हंगामा

हवाला या चुनाव: अवैध लेन-देन से जुड़ सकते हैं तार

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एएसपी राकेश पंद्रो खुद जांच के लिए नामली थाने पहुंचे। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि इतनी बड़ी रकम किसकी है और इसे कार के जरिए कहां ले जाया जा रहा था। एएसपी राकेश पंद्रो ने बताया कि फिलहाल मशीनों से नोटों की गिनती जारी है। गिनती की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही बरामद कुल रकम और मामले से जुड़ी अन्य आधिकारिक जानकारियों का खुलासा किया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m