Bihar News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 17 सितंबर 2026 को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर बिहार सरकार एक महीने यानी की 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान मना रही है। पीएम मोदी के जन्मदिन पर आज बिहार में 10 लाख दीपक भी जलाये जायेंगे और 8000 कार्यकर्ता रक्तदान करेंगे। एक तरफ जहां बिहार का अधिकांश हिस्सा बाढ़ की चपेट में है, तो वहीं दूसरी तरफ पीएम मोदी के जन्मिदन पर इस तरह के हो रहे आयोजनों को लेकर पूरा विपक्ष पीएम के भाजपा पर हमलावर है। इस बीच पटना पहुंचे भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर जमकर निशाना साधा है।
तेजस्वी विलाप ही करते रहते हैं- रविशंकर प्रसाद
तेजस्वी द्वारा आशीर्वाद का दीप जलाए जाने को पैसे की बर्बादी बताने पर भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि, तेजस्वी यादव के विलाप पर मुझे कुछ नहीं कहना। वे विलाप ही करते रहते हैं, चिंता मत करिए। मैंने खुद अपने क्षेत्र में बाढ़ के लिए कितना काम किया, मुख्यमंत्री कर रहे हैं। कृषि मंत्री पीएम के निर्देश पर आए हैं। उनके क्षेत्र में आए हैं। अब वो उन्हें दिखाई नहीं पड़ता है, तो छोड़ दीजिए। कभी कभार अपनी खीझ को संभालना चाहिए। वो विपक्ष के नेता हैं, प्रधानमंत्री के लिए एक शुभकामना संदेश उनके बर्थडे के दिन देते तो मुझे अच्छा लगता।
‘आज बहुत गर्व और गौरव का दिन’
वहीं, पीएम मोदी के जन्मदिन पर रविशंकर प्रसाद ने कहा कि, आज बहुत गर्व और गौरव की बात है कि देश की सेवा करते हुए भारत के प्रधानमंत्री के 25 साल पूरे हुए हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री रहते हुए उन्होंने एक दिन भी छुट्टी नहीं ली, देश के लिए काम करते रहे और आज भारत कितना विकसित हो गया है। मेरे लिए तो बहुत संतोष की बात है कि मेरे पटना में इस एयरपोर्ट का जो निर्माण हुआ, उनके समय में हुआ।
‘राहुल की बातों का कोई असर नहीं पड़ने वाला’
वहीं, यूपीआई पर चार्ज को लेकर राहुल गांधी द्वारा की गई टिप्पणी पर रविशंकर प्रसाद ने कहा कि, राहुल गांधी कुछ न कुछ बोलते रहते हैं, छोड़ दीजिए। आम आदमी पर कोई असर नहीं पड़ने वाला। 2000 रुपए तक का जो ट्रांजैक्शन करेंगे, एक पैसा नहीं लगेगा। देश में लगभग 95% लोग UPI में ट्रांजैक्शन करते हैं।
ये भी पढ़ें- ‘ओवैसी पगला गए हैं, हानीमून पर जाएं तेजस्वी’, गिरिराज सिंह ने PM मोदी को बताया अवतारित पुरुष



