Hanumangarh Violence News: हनुमानगढ़ के रावतसर में गुरुवार को पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया के आवास पर बाइक की तेज रफ्तार को लेकर विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि गली में तेज गति से बाइक चलाने पर युवक को टोकने के बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए।

वहीं इस मामले में बोलने पहुंचे लोगों पर युवक के परिवार ने पत्थर के पागों, कांच की बोतलों और लोहे के सामान से हमला कर दिया। घटना में दोनों पक्षों के 9 लोग घायल हुए हैं। पांच घायलों को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। घटना के समय पूर्व विधायक आवास पर मौजूद नहीं थे।

एक महीने से तेज रफ्तार बाइक चलाने को लेकर था विवाद

जानकारी के अनुसार, हनुमान प्रसाद और मनोज कुमार ने पुलिस को बताया कि उनका घर बाबा रामदेव मंदिर के पास बंद गली में है। इसी गली में पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया का आवास भी स्थित है। वहां काम करने वाले लोगों का इसी रास्ते से आना-जाना रहता है।

आरोप है कि पिछले करीब एक महीने से पूर्व विधायक के यहां काम करने वाला एक युवक गली में तेज रफ्तार से बाइक चलाता था। स्थानीय लोगों ने उसे कई बार ऐसा करने से रोका था। इस बारे में पूर्व विधायक को भी जानकारी दी गई थी। गुरुवार दोपहर युवक फिर तेज गति से बाइक लेकर गली से निकला। इस पर उसे रोककर समझाने की कोशिश की गई तो कथित तौर पर उसने गाली-गलौच शुरू कर दी। इसके बाद हनुमान प्रसाद, उनके बेटे राजेन्द्र और पत्नी मैवा देवी के साथ मारपीट कर युवक अपने घर चला गया।

लोगों पर पत्थर और बोतलों से हमला

पहली घटना के बाद हनुमान प्रसाद ने आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। इसके बाद संदीप (25), राजेन्द्र (36), राहुल (30), मनोज (45), विकास (35), हनुमान (65) और मैवा देवी उलाहना देने पूर्व विधायक के आवास पहुंचे।

आरोप है कि वहां मौजूद युवक के परिवार के चार पुरुषों और एक महिला ने पत्थर के पागों, कांच की बोतलों और लोहे के सामान से हमला कर दिया। अचानक हुई मारपीट में कई लोग लहूलुहान हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

पांच घायलों को हनुमानगढ़ जिला अस्पताल रेफर किया

घटना में दोनों पक्षों के कुल 9 लोगों को चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद संदीप, राहुल, मनोज, विकास और मैवा देवी को हनुमानगढ़ जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। दूसरे पक्ष के राजेन्द्र और वंश को भी चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और दो व्यक्तियों को राउंडअप किया।

एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

देर शाम स्थानीय थाने में इस मामले को लेकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस के अनुसार, रमेश पुत्र मोहनलाल नायक निवासी रावतसर ने राजेन्द्र उर्फ कल्लू बिहारी, उसके बेटे विक्रम और उदय तथा पत्नी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कराया है। वहीं, घटना के समय पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया अपने आवास पर मौजूद नहीं थे। उन्होंने बताया कि वह फिलहाल बाहर हैं और सुबह लौटकर पूरे मामले की जानकारी लेंगे।

पढ़ें ये खबरें