RCB vs DC IPL 2026: आईपीएल सीजन 19 के 26वें मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) की टीमें आमने-सामने होंगी। मौजुदा सीजन में RCB ने अब तक खेले गए 5 मैचों में से 4 में जीत दर्ज की हैं। उसके 8 अंक हैं और वह अंक तालिका में दूसरे नंबर पर है। ऐसे में यह मैच जीतकर वह अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचना चाहेगी।

दूसरी ओर, DC ने इस सीजन में अब तक खेले गए 4 मैचों में 2 जीत दर्ज की है। वह 4 अंकों के साथ छठे नंबर पर है। दिल्ली कैपिटल्स ने दो मैच जीतकर सीजन की शुरुआत की थी, लेकिन फिर दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में DC की नजर सीजन की तीसरी जीत दर्ज कर हार की हैट्रिक से बचने पर होगी।

बता दें कि RCB और DC के बीच यह मुकाबला आज दोपहर 3:30 बजे से बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। जबकि टॉस आधा घंटा पहले, यानी 3 बजे होगा। मैच से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड, पिच रिपोर्ट, संभावित प्लेइंग 11 और लाइव स्ट्रीमिंग की डिटेल्स पर एक नजर डालते हैं।
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच रिपोर्ट की बात करें तो यह मैदान आमतौर पर हाई-स्कोरिंग मुकाबलों के लिए जाना जाता है। यहां गेंदबाजों को ज्यादा मदद नहीं मिलती और छोटा ग्राउंड होने के कारण बल्लेबाज खुलकर रन बनाते हैं। हालांकि हाल ही में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेले गए मैच में पहली पारी के दौरान गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला था, जहां लखनऊ की टीम 20 ओवर में 146 रन पर ऑलआउट हो गई थी। इसके बाद दूसरी पारी में बेंगलुरु के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 15.1 ओवर में ही 5 विकेट से लक्ष्य हासिल कर लिया था।

आईपीएल इतिहास में इस मैदान पर अब तक 103 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 44 मैच जीते हैं, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने 55 मुकाबले जीते हैं। चार मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला है। इस सीजन यहां 3 मैच खेले गए हैं, जिनमें से 2 में 200 से ज्यादा स्कोर बने हैं, जबकि एक मैच में लखनऊ की टीम 146 रन पर सिमट गई थी। आज के मुकाबले में पिच का व्यवहार कैसा रहेगा, यह देखना दिलचस्प होगा।
RCB बनाम DC हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा है भारी ?

आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़ों पर नजर डालें तो इसमें RCB का पलड़ा भारी नजर आता है। दोनों टीमों के बीच अब तक 33 मैच खेले गए हैं, जिनमें RCB को 19, जबकि दिल्ली कैपिटल्स को 12 मैचों में जीत मिली है। इसके अलावा एक मैच टाई रहा है और एक मुकाबले का कोई परिणाम नहीं निकला। आईपीएल के पिछले सीजन में दोनों टीमों के बीच खेले गए 2 मुकाबलों में दोनों टीमों ने एक-एक मैच जीता है।
RCB और DC की संभावित प्लेइंग 11

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)
विराट कोहली, फिल सॉल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, अभिनंदन सिंह
इम्पैक्ट प्लेयर: वेंकटेश अय्यर
दिल्ली कैपिटल्स (DC)
केएल राहुल (विकेटकीपर), पाथुम निसांका, नीतीश राणा, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), विपराज निगम, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी, मुकेश कुमार, टी नटराजन
इम्पैक्ट प्लेयर: समीर रिजवी
कहां देखें लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास हैं। दर्शक इस मुकाबले का लाइव प्रसारण दोपहर 3:30 बजे से टीवी पर देख सकते हैं। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम डॉट कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर देख सकते हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

