अजय सैनी ,भिवानी। ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तहत हरियाणा सरकार ने गांव सुई में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के पुनर्निर्माण को मंजूरी दे दी है। इस निर्णय से ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।


इस फैसले के बाद एचआर मंच के निदेशक एवं समाजसेवी अंकुश शर्मा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, स्वास्थ्य मंत्री आरती राव, मुख्यमंत्री के ओएसडी विरेंद्र सिंह बडख़ालसा तथा भाजपा राष्ट्रीय परिषद सदस्य शंकर धूपड़ का आभार व्यक्त किया है।
अंकुश शर्मा ने बताया कि उन्होंने हाल ही में मुख्यमंत्री कार्यालय के ओएसडी विरेंद्र सिंह बडख़ालसा से मुलाकात कर गांव सुई की इस लंबित मांग को प्रमुखता से उठाया था और एक मांगपत्र भी सौंपा था। उन्होंने बताया कि गांव का पुराना पीएचसी भवन कंडम घोषित किया जा चुका था, जिससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाना पड़ता था।

पीएचसी के निर्माण से बढ़ेगी चिकित्सा सुविधा
उन्होंने कहा कि अब नए पीएचसी के निर्माण से गांव में ही प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी, जिससे आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर उपचार मिलेगा। साथ ही गर्भवती महिलाओं की जांच, टीकाकरण और शिशु स्वास्थ्य सेवाएं भी स्थानीय स्तर पर बेहतर तरीके से उपलब्ध होंगी, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आने की संभावना है।


गांव सुई के लिए ये एक बड़ी उपलब्धि

अंकुश शर्मा ने कहा कि यह निर्णय गांव सुई के लिए एक बड़ी उपलब्धि है और सरकार की ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा और यह परियोजना क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि गांव की पानी की डिग्गी के टैंक के पुनर्निर्माण के प्रयास भी जारी हैं और इस संबंध में फाइल मुख्यमंत्री कार्यालय तक भेजी जा चुकी है।