Odisha Desk, भुवनेश्वर: उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तटों पर बना कम दबाव का क्षेत्र अब और सक्रिय हो गया है। यह आज सुबह 8:30 बजे सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र में बदल गया है, जिसके चलते आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। अगले 24 घंटों के दौरान इसके उत्तर ओडिशा और गांगेय पश्चिम बंगाल से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
आज से कल सुबह तक का मौसम पूर्वानुमान:
रेड अलर्ट (तत्काल कार्रवाई करें): बालेश्वर, क्योंझर और मयूरभंज जिलों के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और एक-दो स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश की संभावना है।
ऑरेंज अलर्ट (तैयार रहें): भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, सुंदरगढ़, संबलपुर, देवगढ़, अनुगुल और ढेंकनाल जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इन सभी जिलों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने का अनुमान है।
येलो अलर्ट (सतर्क रहें): बरगढ़, सुवर्णपुर, बौद्ध, नुआपाड़ा, बलांगीर, कालाहांडी, कंधमाल, नबरंगपुर, रायगड़ा, कोरापुट, पुरी, खोर्धा और नयागढ़ में भारी बारिश हो सकती है। वहीं झारसुगुड़ा और मलकानगिरी सहित कई तटीय व दक्षिणी जिलों में 30-40 किमी की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
सोमवार (31 अगस्त) का पूर्वानुमान:
रेड अलर्ट: बरगढ़ जिले में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
ऑरेंज अलर्ट: सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर, देवगढ़, अनुगुल, क्योंझर, सुवर्णपुर, नुआपाड़ा, बलांगीर और कालाहांडी में भारी से बहुत भारी बारिश और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है।
येलो अलर्ट: बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर, ढेंकनाल, मयूरभंज, बौद्ध, कंधमाल, नबरंगपुर और रायगड़ा में भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने प्रभावित जिलों में प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्क रहने और निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति से निपटने के निर्देश दिए हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


