सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के री-इवैल्युएशन परिणामों में झारखंड की छात्रा अवनी केजरीवाल ने शानदार उपलब्धि हासिल की है। रांची की रहने वाली अवनी को पुनर्मूल्यांकन के बाद सभी विषयों में पूर्ण अंक मिले हैं। इस तरह उन्होंने 500 में से 500 अंक हासिल कर 100 प्रतिशत स्कोर दर्ज किया है।
पहले रिजल्ट में कम मिले थे अंक
अवनी ने बताया कि प्रारंभिक परिणाम में उन्हें अपेक्षा से कम अंक मिले थे। खासकर अंग्रेजी विषय में 19 अंक कम मिलने से वह हैरान थीं, क्योंकि यह उनका सबसे पसंदीदा और मजबूत विषय रहा है। इसके अलावा बिजनेस स्टडीज में भी उनके 5 अंक कम आए थे। इसी वजह से उन्होंने मार्क्स वेरिफिकेशन और री-इवैल्युएशन के लिए आवेदन किया।
पुनर्मूल्यांकन के बाद उनके कुल 24 अंक बढ़ गए। पहले ही तीन विषयों में उन्हें 100-100 अंक प्राप्त हो चुके थे, जबकि री-इवैल्युएशन के बाद बाकी विषयों के अंक भी बढ़कर पूर्णांक हो गए।
परिवार और शिक्षकों को दिया सफलता का श्रेय
धुर्वा स्थित डीपीएस सेल टाउनशिप की छात्रा अवनी केजरीवाल अपनी इस सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और अपने मेंटर सचित सर को देती हैं। उनके पिता मितेश केजरीवाल व्यवसायी हैं, जबकि माता पूनम केजरीवाल गृहिणी हैं। परिवार का कहना है कि अवनी शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और अनुशासित रही हैं।
बिजनेस मैनेजमेंट में बनाना चाहती हैं करियर
अवनी का सपना बिजनेस मैनेजमेंट के क्षेत्र में करियर बनाने का है। इसके लिए उन्होंने स्नातक स्तर पर प्रवेश हेतु सीयूईटी यूजी 2026 परीक्षा भी दी है और अब अच्छे संस्थान में दाखिले की तैयारी कर रही हैं।
री-इवैल्युएशन के बाद बढ़े कई छात्रों के अंक
सीबीएसई द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, री-इवैल्युएशन प्रक्रिया के बाद बड़ी संख्या में छात्रों के अंक बढ़े हैं। बोर्ड ने इस वर्ष उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम अपनाया था। परिणाम घोषित होने के बाद कई छात्रों ने अंकन को लेकर आपत्तियां दर्ज कराईं, जिसके बाद पुनर्मूल्यांकन की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

