Automobile Desk – भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में SUVs की लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए फ्रांस की कार निर्माता कंपनी रेनॉल्ट (Renault) एक नए और आक्रामक अवतार में लौटने की पूरी तैयारी कर चुकी है। भारतीय सड़कों पर एक बार फिर अपना दबदबा कायम करने के लिए कंपनी अपनी पूरी रणनीति को हाइब्रिड तकनीक के इर्द-गिर्द बुन रही है।

सीधा मुकाबला हुंडई और टोयोटा जैसी दिग्गज कंपनियों से होगा, जिन्होंने भारत के मध्यम और प्रीमियम SUV सेगमेंट पर एक मजबूत पकड़ बना रखी है। रेनॉल्ट का मुख्य प्लान पेट्रोल और हाइब्रिड पावरट्रेन पर आधारित गाड़ियों की एक पूरी रेंज उतारने का है, जो भारतीय ग्राहकों को बिना माइलेज या पावर से समझौता किए एक नया विकल्प देगी।

इस पूरी नई रणनीति का सबसे मुख्य आधार रेनॉल्ट की सबसे लोकप्रिय गाड़ी रही ‘डस्टर’ (Duster) का नया अवतार होगा। नई जनरेशन डस्टर को भारत में खास तौर पर रेनॉल्ट-निसान के उन्नत RGMP (Renault Group Modular Platform) आर्किटेक्चर पर तैयार किया जा रहा है। यह नया प्लेटफॉर्म बेहद लचीला है, जिससे कंपनी के लिए इसमें पेट्रोल के साथ-साथ स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन को भी फिट करना काफी आसान हो जाएगा।

सूत्रों और रिपोर्ट्स की मानें तो नई डस्टर हाइब्रिड में 1.8-लीटर का नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन देखने को मिल सकता है, जिसे दो इलेक्ट्रिक मोटरों और 1.4kWh की बैटरी से जोड़ा जाएगा। इनमें से एक इलेक्ट्रिक मोटर इंजन को स्टार्ट करने और जनरेटर की तरह बिजली बनाने का काम करेगी, वहीं दूसरी मोटर सीधे पहियों को पावर सप्लाई करेगी। यह पूरा सेटअप मिलकर लगभग 160hp की जबरदस्त पावर और 172Nm का टॉर्क जनरेट करने की क्षमता रखेगा। यदि ये आंकड़े इसी रूप में सड़कों पर उतरते हैं, तो डस्टर अपने सेगमेंट की सबसे पावरफुल और फ्यूल-इफिशिएंट गाड़ियों में से एक बन जाएगी।

रेनॉल्ट का प्लान सिर्फ डस्टर तक सीमित रहने का बिल्कुल नहीं है। भारतीय परिवारों की जरूरतों और बड़े साइज की गाड़ियों की मांग को देखते हुए कंपनी एक 3-रो (तीन पंक्तियों वाली) 7-सीटर SUV भी लाने की योजना पर काम कर रही है। यह बड़ी SUV भी RGMP प्लेटफॉर्म पर ही आधारित होगी और इसके कई पार्ट्स व फीचर्स डस्टर के साथ साझा किए जाएंगे।

हालांकि कंपनी ने भारत के लिए इसके आधिकारिक नाम की घोषणा अभी नहीं की है, लेकिन ऑटो गलियारों में बिगस्टर (Bigster) और बोरियल (Boreal) जैसे नामों को लेकर काफी चर्चा गर्म है। इस बड़ी SUV में भी डस्टर वाला ही 1.8-लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन इस्तेमाल किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

इसके अलावा, रेनॉल्ट अपनी भविष्य की योजनाओं में छोटे सेगमेंट की SUVs को भी हाइब्रिड तकनीक से लैस करने जा रही है। साल 2027 के आसपास भारतीय बाजार में ब्रिज्ड (Bridger) नाम से एक नई SUV को पेश किया जा सकता है, जिसके बाद 2028 या 2029 तक इसका हाइब्रिड वर्जन बाजार में उतरने की उम्मीद है। इस मॉडल में 1.2-लीटर टर्बो-पेट्रोल हाइब्रिड इंजन दिया जा सकता है, जो एंट्री-लेवल SUV ग्राहकों को आकर्षित करेगा।

देखा जाए तो रेनॉल्ट अब भारत में एक लंबी पारी खेलने की पूरी तैयारी में दिख रही है। आगामी डस्टर हाइब्रिड, 7-सीटर SUV और कॉम्पैक्ट मॉडल्स के जरिए कंपनी न सिर्फ अपनी खोई हुई मार्केट हिस्सेदारी वापस पाना चाहती है, बल्कि टोयोटा और हुंडई के हाइब्रिड दबदबे को भी सीधे तौर पर चुनौती देने के मूड में नजर आ रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H