प्रदीप मालवीय, उज्जैन। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर धर्मनगरी उज्जैन स्थित मौनी आश्रम में दो युवाओं ने सांसारिक जीवन का त्याग कर संन्यास का मार्ग अपना लिया। वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार पिंडदान, मुंडन, शिखा-सूत्र त्याग और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के बाद दोनों को विधिवत संन्यास दीक्षा प्रदान की गई । दीक्षा के बाद उनके नए नाम क्रमशः स्वामी शिवात्मानंद गिरि और स्वामी शिव चैतन्य नंदगिरि रखे गए।

READ MORE: Chat GPT से नकल: कॉपियों में लिखा- अधिक जानकारी के लिए लिंक पर क्लिक करें, रिजल्ट किया गया होल्ड 

बिहार निवासी 25 वर्षीय मनीष कुमार ने बताया कि वे एयर इंडिया में एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस इंजीनियर के रूप में बेंगलुरु एयरपोर्ट पर कार्यरत थे । उन्होंने कहा कि बचपन से ही उनका मन सनातन धर्म और आध्यात्मिक जीवन की ओर आकर्षित था । नौकरी मिलने के बाद भी उन्हें आत्मिक संतुष्टि नहीं मिली । मौनी आश्रम में गुरु सुमनानंद गिरि महाराज के सान्निध्य में आने के बाद उन्होंने संन्यास लेने का निर्णय लिया। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सभी धार्मिक प्रक्रियाएं पूर्ण कर उन्होंने संन्यास ग्रहण किया ।

वहीं उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी 35 वर्षीय संचित शर्मा मुंबई में प्लेसमेंट एजेंसी का संचालन करते थे । उन्होंने बताया कि वैराग्य की भावना वर्षों से मन में थी । कारोबार अच्छा चल रहा था, लेकिन आध्यात्मिक जीवन की चाह लगातार बढ़ती गई । वे पिछले करीब 15 वर्षों से साधु वेश में रह रहे थे और जटाएं भी धारण किए हुए थे, हालांकि अब तक विधिवत संन्यास नहीं लिया था । गुरु पूर्णिमा पर जटाओं का त्याग, मुंडन और पिंडदान की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्होंने औपचारिक रूप से संन्यास ग्रहण किया।

READ MORE: 50 फीट गहरी खाई में गिरी बाइक: दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र की मौत, महिला गंभीर घायल 

दोनों नवसंन्यासियों ने बताया कि उन्होंने परिवार की सहमति से यह निर्णय लिया है । अब उनका पूरा जीवन गुरु की आज्ञा, साधना और ईश्वर की इच्छा के अनुसार व्यतीत होगा । उनका कहना है कि भौतिक सुख-सुविधाओं से अधिक उन्हें आत्मिक शांति की तलाश थी, जो उन्हें आध्यात्मिक मार्ग पर मिली ।

मौनी आश्रम इससे पहले भी संन्यास दीक्षा को लेकर चर्चा में रहा है । यहां पूर्व में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हर्षा रिछारिया सहित अन्य लोगों ने भी संन्यास की दीक्षा ग्रहण की थी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m