पाकिस्तान स्थित 8,047 मीटर ऊंचे ब्रॉड पीक पर हुए भीषण हिमस्खलन में दुनिया के मशहूर नेपाली पर्वतारोही निर्मल पुरजा उर्फ ‘निम्स दाई’ की मौत हो गई। उनकी कंपनी Elite Exped ने इस दुखद खबर की पुष्टि की है। हालांकि, अभी तक उनका शव बरामद नहीं हो सका है। कंपनी ने हादसे में जान गंवाने वाले पुर बहादुर गुरुंग और निमा शेरपा को भी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

7,000 मीटर की ऊंचाई पर आया हिमस्खलन

निर्मल पुरजा 10 सदस्यीय टीम के साथ दुनिया की 12वीं सबसे ऊंची चोटी ब्रॉड पीक पर चढ़ाई कर रहे थे। लगभग 7,000 मीटर की ऊंचाई पर उनकी टीम हिमस्खलन की चपेट में आ गई, जिसके बाद सभी सदस्य लापता हो गए। अब तक चार पर्वतारोहियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। टीम में नेपाल के छह, जबकि पाकिस्तान, ओमान, अमेरिका और चीन के एक-एक पर्वतारोही शामिल थे।

कौन थे निर्मल पुरजा?

25 जुलाई 1983 को नेपाल के म्याग्दी जिले के दाना गांव में जन्मे निर्मल पुरजा का परिवार पीढ़ियों से गोरखा रेजिमेंट से जुड़ा रहा। उन्होंने पहले ब्रिटिश गोरखा रेजिमेंट में सेवा दी और बाद में ब्रिटिश रॉयल नेवी की स्पेशल बोट सर्विस (SBS) में शामिल होने वाले पहले नेपाली बने। SBS को दुनिया की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित स्पेशल फोर्स में गिना जाता है।

सपने के लिए छोड़ी नौकरी, बेच दिया घर

2012 में एवरेस्ट बेस कैंप ट्रेक के दौरान निर्मल ने पर्वतारोहण को अपना लक्ष्य बनाया। 2014 में पहली बार माउंट एवरेस्ट फतह करने के बाद उन्होंने 8,000 मीटर से ऊंची सभी चोटियों पर चढ़ने का संकल्प लिया। 2018 में उन्होंने सेना की नौकरी छोड़ दी और अपने अभियान के लिए आर्थिक संसाधन जुटाने के लिए अपना घर तक बेच दिया।

’14 पीक्स’ से मिली वैश्विक पहचान

निर्मल पुरजा ने 2019 में महज 189 दिनों में दुनिया की 14 सबसे ऊंची चोटियों पर चढ़ाई कर इतिहास रच दिया। उनकी इस असाधारण उपलब्धि पर बनी नेटफ्लिक्स डॉक्यूमेंट्री ’14 Peaks: Nothing Is Impossible’ ने उन्हें वैश्विक पहचान दिलाई। इसके अलावा, 2021 में उन्होंने सर्दियों में दुनिया की सबसे कठिन चोटियों में शामिल K2 को फतह कर एक और ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम किया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m