कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। कांग्रेस से निष्कासित विधायक रेणु बाला एक बार फिर अपने राजनीतिक रुख को लेकर चर्चा में हैं। इस बार वजह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रति उनका सकारात्मक रुख और सरकार के साथ मिलकर क्षेत्र की जनता के लिए काम करने का उनका बयान है। उनके इस रुख के बीच भाजपा में शामिल होने की अटकलों को भी फिर हवा मिल सकती है।

दरअसल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की पत्नी सुमन सैनी हाल ही में विधायक रेणु बाला के आवास पर पहुंचीं। इस दौरान क्षेत्र के काफी लोग भी मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान चाय पर चर्चा हुई और लोगों ने अपने क्षेत्र की समस्याएं उनके सामने रखीं। सुमन सैनी ने भी क्षेत्र के विकास के लिए सरकार की ओर से हरसंभव प्रयास किए जाने का भरोसा दिलाया।

विकास के मुद्दों पर सरकार के साथ खड़ीं रेणु बाला

इस मुलाकात के बाद रेणु बाला ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई मांगें रखी हैं। उनके अनुसार, कुछ मांगों पर काम शुरू हो चुका है, जबकि अन्य मांगों पर भी जल्द प्रगति होने की उम्मीद है।

विधायक ने सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को इन सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए वह लगातार प्रयास करती रहेंगी।

रेणु बाला ने सरकार के साथ मिलकर जनता की सेवा करने की बात भी दोहराई। उनके इस बयान से साफ है कि क्षेत्र के विकास के मुद्दों पर वह सरकार के साथ संवाद बनाए रखने के पक्ष में हैं।

कांग्रेस से बाहर, भाजपा से नजदीकियां और सियासी चर्चाएं

रेणु बाला की राजनीति में यह रुख इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि वह फिलहाल कांग्रेस से निष्कासित हैं। इससे पहले भी वह कई मौकों पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ मंच साझा कर चुकी हैं। भाजपा सरकार के प्रति उनके सकारात्मक रुख के चलते उनके पाला बदलने की अटकलें भी समय-समय पर उठती रही हैं।

अब मुख्यमंत्री की पत्नी से मुलाकात और सरकार के साथ मिलकर काम करने के उनके बयान ने इन चर्चाओं को फिर से प्रासंगिक बना दिया है। हालांकि, भाजपा में शामिल होने को लेकर उनकी ओर से कोई घोषणा सामने नहीं आई है।

ऐसे में फिलहाल रेणु बाला का जोर क्षेत्र के विकास और जनता से जुड़े मुद्दों पर है। लेकिन कांग्रेस से निष्कासन के बाद सरकार के साथ उनके लगातार संवाद और मुख्यमंत्री की तारीफ को उनके अगले राजनीतिक कदम के संदर्भ में भी देखा जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m