शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल के रिहायशी इलाकों में अवैध रूप से संचालित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों (कमर्शियल एक्टिविटीज) के खिलाफ स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा है। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर गौतम नगर क्षेत्र में रहवासियों ने सड़कों पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां लेकर पैदल मार्च निकाल रहे रहवासियों ने भोपाल नगर निगम (BMC) की अब तक की कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं और जमकर नारेबाजी की।

नगर निगम की कार्रवाई पर उठाए सवाल

बता दें कि बीते दिनों भोपाल नगर निगम द्वारा शहर के अलग-अलग मार्केट्स और रिहायशी क्षेत्रों में अवैध रूप से चल रही दुकानों को सील करने की कार्रवाई की गई थी। हालांकि, रहवासियों का आरोप है कि नगर निगम की यह कार्रवाई महज दिखावा है और आवासीय क्षेत्रों में अब भी धड़ल्ले से कमर्शियल गतिविधियां संचालित हो रही हैं, जिससे आम जनता को यातायात, सुरक्षा और प्रदूषण जैसी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है।

4 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट में पेश होनी है स्टेटस रिपोर्ट

इस मामले में भोपाल नगर निगम की जवाबदेही और बढ़ गई है, क्योंकि 4 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट में इस पूरी कार्रवाई की स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की जानी है। सुप्रीम कोर्ट की सख्ती और तय समय-सीमा को देखते हुए रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि रिहायशी इलाकों से व्यावसायिक गतिविधियों को पूरी तरह बंद नहीं कराया गया, तो उनका आंदोलन और तेज होगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m