हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक रेस्टोरेंट में काम करने वाले 55 वर्षीय कर्मचारी श्रीराम राजपूत की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। बदमाशों ने उनके चेहरे और सिर पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस नृशंस हत्या के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
हिसाब-किताब को लेकर संचालक से हुआ था विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक श्रीराम राजपूत का रेस्टोरेंट संचालक राहुल से पैसों के हिसाब-किताब को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि इस बहस के बाद वारदात को अंजाम दिया गया और साक्ष्य छुपाने के मकसद से शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया गया। घटना के बाद से ही रेस्टोरेंट संचालक राहुल मौके से फरार है, जिससे उस पर हत्या का संदेह गहरा गया है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही बाणगंगा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमवाय (MY) अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार रेस्टोरेंट संचालक राहुल की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हत्या की मुख्य वजह और पूरे घटनाक्रम की कड़ी से कड़ी जोड़ने के लिए जांच में जुटी हुई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


