शब्बीर अहमद, संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रिटायर्ड आईएएस राकेश अग्रवाल हत्याकांड में केस दर्ज किया गया है। आरोपी वरुण कुमार पर हत्या और लूट की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। चार से ज्यादा पुलिस की टीमें फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। मोबाइल से आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन बार-बार मोबाइल ऑन-ऑफ कर चकमा दे रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी तक पहुंचने में जुटी हुई है।

दरअसल, यह पूरा मामला रातीबड़ थाना क्षेत्र का है। जहां बुधवार को सूरजनगर में रहने वाले रिटायर्ड आईएएस अफसर राकेश अग्रवाल की हत्या कर दी गई। वे अपनी पत्नी के साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले घर पर एक नौकर रखा था, जिसका नाम वरुण कुमार है। वरुण मेल नर्स था। वारदात के बाद से वह गायब हो गया। जिससे शुरुआती जांच में नौकर पर शक हुआ।

ये भी पढ़ें: रिटायर्ड आईएएस अधिकारी की हत्या, गला रेतकर उतारा मौत के घाट; नौकर पर शक की सुई

लूटकर भाग निकला आरोपी

आरोपी हत्या करने के बाद राकेश अग्रवाल के पहने सोने के जेवर भी ले गया। जाते समय घर में रखे सिलेंडर का नॉब खोला। जाते समय प्रेस को भी ऑन कर दिया था। गैस की बदबू जैसे ही घर में फैली तो पत्नी फौरन उठी और राकेश अग्रवाल के कमरे में पहुंची। घर की अलमारियों का समान बिखरा हुआ मिला था। राकेश अग्रवाल को वायरल था, जिस वजह से वह घर के निचले हिस्से में सो रहे थे। जबकि पत्नी घर के ऊपरी हिस्से में सो रही थी।

हथियार नहीं मिला, राकेश का मोबाइल भी ले गया

इस सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या करने का खुलासा हुआ है। इस मामले में पुलिस ने BNS की धारा 103(1), 127(2), 307 और 311 के तहत केस दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि जिस हथियार से हत्या की गई, वह अब तक पुलिस को नहीं मिला है। फरार संदिग्ध केयरटेकर वरुण कुमार अपने साथ राकेश अग्रवाल को मोबाइल फोन भी ले गया है। वह बार-बार मोबाइल ऑन-ऑफ कर पुलिस को चकमा दे रहा है। संदिग्ध की बीना और उसके आगे की लोकेशन मिली है।

ये भी पढ़ें: ‘राजधानी में जब पूर्व IAS सुरक्षित नहीं, तो आम जनता का क्या…?’ राकेश अग्रवाल की हत्या पर उमंग सिंघार का सरकार पर हमला, बोले- बेपटरी हुई कानून-व्यवस्था

पटियाला का रहने वाला है वरुण

पुलिस की टीम वरुण कुमार की देशभर के कई जगहों पर सर्चिंग कर रही है। बीना, ग्वालियर, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में सर्चिंग जारी है। वरुण कुमार पटियाला का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस पटियाला भी पहुंची है। फिलहाल मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी तक की कोशिश की जा रही है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी होने की संभावना है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m