Odisha Desk, भुवनेश्वर: राउरकेला सर्किट हाउस में सामने आई एक गंभीर घटना को लेकर ओडिशा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कड़ा रुख अपनाया है। मंत्री ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस मामले ने जनमानस को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने घटना की विभागीय जांच के आदेश देने के साथ ही राउरकेला सर्किट हाउस को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्देश दिया है।

राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी ने स्पष्ट किया है कि एक विशेष जांच टीम गठित की गई है जो इस बात की पड़ताल कर रही है कि राउरकेला सर्किट हाउस घटना में ‘ओडिशा सर्किट हाउस एक्ट’ के नियमों का उल्लंघन या दुरुपयोग हुआ है या नहीं।

निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए राउरकेला सर्किट हाउस के संचालन को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। सर्किट हाउस के प्रभारी अधिकारी और नाजिर को उनके पदों व दायित्वों से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।

मंत्री ने साफ कहा है कि जांच में जिसकी भी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष भूमिका पाई जाएगी या नियम उल्लंघन साबित होगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी व विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

राउरकेला की घटना से सबक लेते हुए राज्य सरकार ने ओडिशा के सभी सर्किट हाउसों के प्रबंधन और बुकिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए नया नियम लागू करने की योजना बनाई है।

‘ओडिशा भवन’ की तर्ज पर अब राज्य के सभी सर्किट हाउसों के लिए ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम शुरू किया जाएगा। इस डिजिटल व्यवस्था से सर्किट हाउस का उपयोग कौन कर रहा है, किस उद्देश्य से ठहरा हुआ है और किसके अनुमोदन या अनुमति के आधार पर कमरा आवंटित किया गया है, इसका पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा।

मंत्री सुरेश पुजारी ने दोहराया कि सर्किट हाउस मुख्य रूप से सरकारी अधिकारियों के आधिकारिक दौरों और प्रशासनिक कार्यों के दौरान रुकने के लिए बनाए गए हैं। विभागीय जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई तय की जाएगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H