आशुतोष द्विवेदी, रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा अपने एक बयान को लेकर चर्चा में हैं। रीवा के लक्ष्मण बाग मंदिर परिसर में बिछिया नदी पर बनने वाले नवीन पुल के भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान सांसद ने दुनिया के चर्चित उद्योगपति एलन मस्क को मुक्के मारकर भगाने की धमकी दे डाली। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला भी मौजूद थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने आक्रामक और अपने बघेली अंदाज में कहा, ट्रंप बिका अऊ बिकत बिकत निहुरी गा, फेर कहिस के अब करिहां काम नहीं करे। हिन्दुस्तान के 56 इंच सीने वाले का कोऊ झुकाए नहीं सकै, कोऊ ओका ताकत दिखाय नहीं सकै। मस्क बंदी है, हिन्दुस्तान के प्रधानमंत्री के शर्त म मस्क अलाऊ है, शर्त न मानी त मस्क ठुकराऊ है। दुई घूंसा मारब त मस्क भाग जई।’
सांसद का यह बयान अब चर्चा का विषय बन गया है। अंतरराष्ट्रीय उद्योग जगत की चर्चित हस्ती एलन मस्क को लेकर सार्वजनिक मंच से की गई इस टिप्पणी पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आने की संभावना है।
गौरतलब है कि एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक की भारत में सेवाओं और देश की नीतियों को लेकर पहले से ही चर्चा होती रही है। ऐसे में सांसद जनार्दन मिश्रा की यह टिप्पणी राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ सकती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

