आशुतोष द्विवेदी, रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला मामला सामने आया है। यहां के ओबरा गांव में जमीन विवाद को लेकर दबंगों ने देश की सेवा कर चुके एक पूर्व सैनिक पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि राजस्व न्यायालय के साफ आदेश के बावजूद कुछ स्थानीय दबंग पूर्व सैनिक की पुश्तैनी जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे और जब इसका विरोध किया गया तो उन्हें बेरहमी से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया गया।
ये भी पढ़ें : रहली में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से 1 मजदूर की हुई मौत, रात में काम कराने पर उठे गंभीर सवाल
भू-अभिलेख में छेड़छाड़ और चौहद्दी बदलने का आरोप
पीड़ित परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपियों की नजर पूर्व सैनिक की कीमती पुश्तैनी जमीन पर काफी समय से थी। इसके लिए आरोपियों ने कथित तौर पर पहले सरकारी भू-अभिलेखों में हेरफेर करने की कोशिश की, ताकि जमीन की चौहद्दी को बदला जा सके। जब इस जालसाजी और अवैध कब्जे का भूमि स्वामी ने कड़ा विरोध किया तो आरोपी बौखला गए।

हथियारों से लैस होकर आए दबंग, हालत चिंताजनक
शनिवार-रविवार की दरमियानी अवधि में आरोपी लाठी, डंडे और धारदार हथियारों से लैस होकर जमीन पर कब्जा करने पहुंचे। विरोध करने पर उन्होंने पूर्व सैनिक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पूर्व सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें घायल अवस्था में तुरंत उपचार के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के मुताबिक ज्यादा खून बह जाने के कारण उनकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

सैनिक कल्याण बोर्ड तक पहुंची शिकायत
इस खूनी संघर्ष के बाद सहमा हुआ पीड़ित परिवार सेमरिया थाने पहुंचा और नामजद आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। घायल पूर्व सैनिक के पुत्र रजनीश तिवारी ने बताया कि जमीन पर अवैध कब्जे और प्रताड़ना का यह खेल लंबे समय से चल रहा था। इस संबंध में स्थानीय पुलिस के साथ-साथ सैनिक कल्याण बोर्ड को भी लिखित शिकायत भेजकर सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई गई है।
ये भी पढ़ें : पार्टनरशिप का सपना दिखाकर लगाया चूना: मां-बेटे से हड़पे 24.35 लाख रूपए, पैसे मांगने पर मिली जान से मारने की धमकी
सेमरिया पुलिस जांच में जुटी
सेमरिया पुलिस के मुताबिक पीड़ित पक्ष के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की एक टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

