आशुतोष द्विवेदी, Rewa. मध्यप्रदेश के ग्रामीण इलाकों में बदहाल सड़कें और लचर स्वास्थ्य व्यवस्था किस तरह मासूम जिंदगियों पर भारी पड़ रही है, इसका एक बेहद बिचलित करने वाला मामला रीवा जिले से सामने आया है। मनगंवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत नदना के डिहिया गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आई एक आदिवासी महिला को समय पर एंबुलेंस नहीं मिल सकी। अस्पताल पहुंचने के लिए तड़पते मरीज को परिजनों ने दो किलोमीटर तक खाट पर उठाकर मुख्य मार्ग तक पहुंचाने की जद्दोजहद की लेकिन इलाज मिलने से पहले ही महिला की सांसे थम गईं।
ये भी पढ़ें: Anuppur: रेलवे स्टेशन पर हैवानियत! खंभे से बांधकर बेदम पीटा गया मासूम; चीखता रहा बच्चा, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप
सड़क बनी काल, एंबुलेंस के इंतजार में गई जान
जानकारी के मुताबिक डिहिया गांव की रहने वाली रामकली रावत आकाशीय बिजली गिरने से गंभीर रूप से झुलस गई थी। घटना के तुरंत बाद परिजनों ने आपातकालीन सेवा एंबुलेंस को सूचना दी। परिजनों का आरोप है कि गांव तक पहुंचने वाली सड़क इस कदर जर्जर और कीचड़ से बदहाल थी कि एंबुलेंस अंदर गांव तक नहीं आ सकी।
जब कोई रास्ता नहीं सूझा तो बेबस परिवार और ग्रामीणों ने घायल रामकली को एक खाट पर लिटाया और अपने कंधों पर उठाकर करीब दो किलोमीटर पैदल चलते हुए मुख्य मार्ग की तरफ भागे। प्रशासनिक तंत्र की इस लेट-लतीफी के कारण काफी देर हो चुकी थी और महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
विधायक निधि के 5 लाख कहां गए? भ्रष्टाचार के उठे गंभीर सवाल
इस दर्दनाक मौत ने न सिर्फ स्वास्थ्य विभाग बल्कि लोक निर्माण और स्थानीय विकास के दावों की भी पोल खोलकर रख दी है। ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि गांव की इसी सड़क के निर्माण के लिए विधायक निधि से 5 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी।
बजट पास होने के बावजूद आज तक सड़क का निर्माण क्यों नहीं हुआ और सड़क बदहाल क्यों पड़ी रही? स्वीकृत राशि का उपयोग कहां किया गया, इसे लेकर अब भ्रष्टाचार के गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
ये भी पढ़ें: Singrauli में कुदरत का कहर: आंधी-बारिश में ढहा आशियाना, नींद में सोई मासूम की मौत, दो अस्पताल में भर्ती
विपक्ष हमलावर, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
इस घटना के बाद से डिहिया गांव सहित पूरे इलाके में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। ग्रामीणों के साथ-साथ अब विपक्ष ने भी सरकार को आड़े हाथों लिया है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं की इस दुर्दशा की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच की जाए और विधायक निधि के पैसों में हेरफेर करने वाले जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी से कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

