आशुतोष द्विवेदी, रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले की मनगवां विधानसभा क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है। सरई कलां और रझौही कला गांव में प्रस्तावित टाटा न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध में चल रहे जल सत्याग्रह के दौरान आदिवासी महिला विमला कोल की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में शोक के साथ आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, करीब 28 हजार करोड़ रुपये की प्रस्तावित परमाणु ऊर्जा परियोजना, जमीन अधिग्रहण और क्षेत्र में चल रही ड्रिलिंग के विरोध में ग्रामीण लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी विरोध के तहत विमला कोल, पत्नी जमुना कोल, पिछले चार दिनों से पानी में खड़े होकर जल सत्याग्रह कर रही थीं।

बताया जा रहा है कि लगातार पानी में रहने के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें मनगवां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद आंदोलनकारी ग्रामीणों में गहरा दुख और नाराजगी है। इस घटना ने प्रस्तावित परियोजना को लेकर जारी विरोध और ग्रामीणों की चिंताओं को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

अब बड़ा सवाल यह है कि महिला की मौत के वास्तविक कारणों की जांच कैसे होगी और ग्रामीणों की मांगों पर प्रशासन क्या कदम उठाएगा? फिलहाल, घटना के संबंध में आधिकारिक जांच और प्रशासनिक पक्ष की पुष्टि होने पर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m