आशुतोष द्विवेदी, रीवा। बीते चंद दिनों से हो रही लगातार बारिश से रीवा जलमग्न हो गया है। कई इलाकों में घर पानी से डूब गए हैं और कुछ डूबने की कगार पर हैं। पानी निकासी की व्यवस्था न होने के मामले को लेकर कलेक्ट्रेट के सामने अमवा गांव निवासी रहीश शुक्ला अपनी मांगों को लेकर आमरण अनशन पर बैठ गए हैं। उनका आरोप है कि गांव में पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने और रास्ते की समस्या के चलते परिवारों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रहीश शुक्ला का कहना है कि पानी निकासी की समस्या के कारण उनके घर को नुकसान पहुंचा और घर गिरने से करीब 40 लोग प्रभावित हुए हैं। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन के साथ-साथ रहने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीण ने जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्ट्रेट परिसर के सामने आमरण अनशन शुरू किया है। उनका कहना है कि जब तक पानी निकासी और रास्ते की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
वहीं, प्रदर्शनकारी का आरोप है कि धरना स्थल पर पहुंचे रीवा एसडीएम ने उन्हें धरना समाप्त करने के लिए कहा और कार्रवाई की चेतावनी दी। रहीश शुक्ला का आरोप है कि एसडीएम ने कहा कि धरना बंद नहीं किया तो मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
फिलहाल ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर आमरण अनशन पर डटे हुए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और अमवा गांव की पानी निकासी एवं रास्ते की समस्या का समाधान कब तक हो पाता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

