रेवाड़ी : हरियाणा के रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा क्षेत्र से सनसनीखेज मामला सामने आया है। भटसाना गांव में एक डेयरी संचालक की हत्या करने के बाद उसके शव को डेयरी परिसर में ही गड्ढा खोदकर दबा दिया गया। कई दिनों से परिसर में काम कर रहे श्रमिकों को दुर्गंध महसूस हो रही थी। शक होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।

मृतक की पहचान गुरुग्राम के फाजिलपुर निवासी अरुण कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक अरुण कुमार ने भटसाना गांव में करीब 12 एकड़ जमीन बटाई पर लेकर डेयरी का संचालन शुरू किया था। डेयरी परिसर में काम करने वाले श्रमिकों को पिछले कुछ समय से वहां से लगातार बदबू आ रही थी। जब दुर्गंध बढ़ी तो उन्हें किसी अनहोनी का संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलने के बाद धारूहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डेयरी परिसर की जांच शुरू की। जांच के दौरान जिस जगह से बदबू आ रही थी, वहां खुदाई कराई गई। गड्ढे से अरुण कुमार का शव बरामद होने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अरुण कुमार की हत्या कब और किस वजह से की गई। वारदात में कितने लोग शामिल थे और हत्या के बाद शव को डेयरी परिसर में ही क्यों दबाया गया, इन सवालों के जवाब जांच के बाद सामने आएंगे। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

फिलहाल धारूहेड़ा थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या के कारणों और संदिग्धों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m