रेवाड़ी। शराब ठेकों पर लूटपाट करने वाले युवकों ने एक के बाद एक तीन जगह वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने सेल्समैनों को हथियार दिखाकर डराया। बीयर की पेटियां लूटीं और सामान में तोड़फोड़ की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। हालांकि, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
वारदात 7 अक्टूबर की शाम की है। पुलिस को सूचना मिली कि बावल थाना क्षेत्र के गांव पावटी, किशनपुर और नांगल उगरा स्थित शराब ठेकों को निशाना बनाया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, करीब 8 से 10 युवक दो गाड़ियों और दो बाइकों पर सवार होकर पहुंचे थे। उनके पास लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और अवैध हथियार थे।
आरोप है कि युवकों ने तीनों ठेकों पर सेल्समैनों को डराकर बीयर की पेटियां लूट लीं। उन्होंने पेटीएम मशीन समेत दूसरे सामान को भी नुकसान पहुंचाया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की शिकायत शराब ठेका समूह के संचालक सुरेंद्र निवासी अलावलपुर ने दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने मारपीट, लूट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के निर्देश पर सीआईए धारूहेड़ा और बावल थाना पुलिस की संयुक्त टीमें बनाई गईं।
पुलिस ने तकनीकी सहायता और सीसीटीवी फुटेज की जांच के आधार पर लोकेश निवासी सहमत नगर, जिला खैरथल-तिजारा और करण उर्फ डोगा निवासी रानोली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों को वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर पकड़ लिया गया।
एक दिन के रिमांड पर दोनों आरोपी
पुलिस ने बताया कि करण उर्फ डोगा के खिलाफ बावल थाने में मारपीट का मामला दर्ज है। वहीं, लोकेश के खिलाफ राजस्थान के तिजारा थाने में चोरी का मामला दर्ज है।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। अब पुलिस वारदात में इस्तेमाल वाहनों, अवैध हथियारों और लूटे गए सामान की बरामदगी के प्रयास कर रही है। साथ ही, मामले में शामिल अन्य युवकों की भूमिका का पता लगाने के लिए भी पूछताछ की जा रही है।

