हरियाणा के रेवाड़ी जिले में सीआईए धारूहेड़ा पुलिस और कुख्यात बदमाशों के बीच देर रात भीषण मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से हुई कई राउंड फायरिंग के बाद पुलिस ने दो इनामी बदमाशों को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया है।
रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी जिले में देर रात पुलिस और कुख्यात बदमाशों के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ में दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो बदमाशों को गोली मारकर घायल कर दिया, जबकि एक सब-इंस्पेक्टर भी बदमाशों की गोली का निशाना बने। हालांकि उन्होंने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उनकी जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया। मुठभेड़ के बाद दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, CIA धारूहेड़ा को सूचना मिली थी कि जड्थल क्षेत्र में कुछ बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही CIA टीम ने प्रभारी योगेश के नेतृत्व में इलाके की घेराबंदी कर संदिग्धों का पीछा शुरू किया। खुद को चारों ओर से घिरा देख बदमाश मोहन और गोविंद उर्फ झम्मन ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से करीब चार-चार राउंड गोलियां चलीं। जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें काबू कर रेवाड़ी के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
मुठभेड़ के दौरान सब-इंस्पेक्टर फखरुद्दीन भी बदमाशों की गोली की चपेट में आए, लेकिन उन्होंने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी। गोली जैकेट में लगने से उनकी जान बच गई और वे बाल-बाल बच गए। पुलिस अधिकारियों ने इसे बड़ी सफलता के साथ-साथ पुलिसकर्मी की सतर्कता का भी परिणाम बताया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मोहन निवासी बोलनी और गोविंद उर्फ झम्मन निवासी राजस्थान के खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी और फायरिंग सहित संगीन धाराओं में आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों 28 जून को गांव बखापुर निवासी रतिराम पर तीन राउंड फायरिंग करने की वारदात में भी वांछित चल रहे थे। पुलिस काफी समय से उनकी तलाश कर रही थी।
देर रात ट्रॉमा सेंटर पहुंचे डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि CIA टीम बदमाशों का पीछा कर रही थी, तभी आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने संयम के साथ जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा के नेतृत्व में रेवाड़ी पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सघन अभियान चलाए जा रहे हैं। अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

