रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 11वीं कक्षा के एक छात्र ने अपने घर में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर है। परिजनों का आरोप है कि स्कूल में होमवर्क पूरा न करने पर टीचर ने छात्र की पिटाई की थी। इस पिटाई के कारण छात्र काफी मानसिक तनाव में था।

स्कूल से घर लौटा और उठाया आत्मघाती कदम

मृतक छात्र गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ाई करता था। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे वह स्कूल से छुट्टी के बाद घर पहुंचा। घर पहुंचकर वह सीधे पहली मंजिल पर स्थित अपने कमरे में चला गया। वहां उसने बेडशीट का फंदा बनाकर कमरे में लगे एंगल से खुद को लटका लिया।

परिजनों के गंभीर आरोप

छात्र के ताऊ ने बताया कि स्कूल में हिस्ट्री पढ़ाने वाले टीचर उसे अक्सर परेशान करते थे। आरोप है कि टीचर उसके पिता के न होने और मां के मजदूरी करने का तंज कसते थे। पिटाई और मानसिक उत्पीड़न के कारण छात्र पिछले कुछ दिनों से बेहद परेशान चल रहा था।

बहन ने देखा भाई का शव

घटना के समय छात्र की मां घर पर नहीं थी। वह अपने जेठ और जेठानी के साथ नारनौल के एक अस्पताल में रिश्तेदार से मिलने गई थीं। इसी दौरान उसकी बहन सब्जी लेने के लिए घर के ऊपर बने कमरे में गई। वहां भाई को फंदे पर लटकते देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत परिजनों को सूचित किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।