हरियाणा के रेवाड़ी में विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए होमगार्ड विभाग के इंस्पेक्टर सुधीर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए दबोच लिया है।
धनेश, रेवाड़ी।हरियाणा के रेवाड़ी में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्टेट विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने जिले में तैनात गृह रक्षी विभाग (होमगार्ड) के इंस्पेक्टर सुधीर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया है। विजिलेंस विभाग की इस त्वरित कार्रवाई के दौरान आरोपी होमगार्ड इंस्पेक्टर के दफ्तर में स्थित मेज की दराज से रिश्वत के रूप में लिए गए 50 हजार रुपये की नकद राशि भी मौके पर ही बरामद कर ली गई है। इस बड़ी कार्रवाई से पूरे सरकारी महकमे और होमगार्ड विभाग में हड़कंप मच गया है।
निलंबन बहाली के एवज में मांगी थी एक लाख की रिश्वत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के गांव नांगल उगरा के रहने वाले सुरेश कुमार होमगार्ड विभाग में बतौर हवलदार तैनात हैं, जो पिछले कुछ समय से सस्पेंड चल रहे हैं। हवलदार सुरेश कुमार अपनी पद बहाली करवाने के लिए लगातार कमांडेंट इंस्पेक्टर सुधीर के संपर्क में थे। आरोप है कि इंस्पेक्टर सुधीर ने सुरेश कुमार को नौकरी पर वापस बहाल करने की एवज में 1,00,000 रुपये की भारी-भरकम रिश्वत की मांग की थी। बाद में दोनों के बीच आपसी बातचीत के बाद यह पूरा मामला 50 हजार रुपये देने पर तय हो गया। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने इसकी लिखित शिकायत विजिलेंस ब्यूरो को दी, जिसके बाद इस पूरे मामले में विजिलेंस टीम की एंट्री हुई।
दराज में रखवाए पैसे और विजिलेंस टीम ने दबोचा
तय रणनीति के अनुसार वीरवार को निलंबन झेल रहे होमगार्ड हवलदार सुरेश कुमार 50,000 रुपये की रिश्वत की राशि लेकर नगर के गढ़ी बोलनी रोड पर स्थित होमगार्ड कार्यालय पहुंचे। वहां पर तैनात इंस्पेक्टर सुधीर ने रिश्वत की रकम लेकर अपनी मेज के दराज में रखवा ली। हवलदार सुरेश कुमार से शिकायत मिलने के बाद पूरी तरह सक्रिय हो चुकी विजिलेंस की टीम ने कार्यालय में तुरंत छापेमारी की और कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर सुधीर की मेज की दराज से 50 हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली। अंतिम सूचना मिलने तक विजिलेंस की टीम आरोपी इंस्पेक्टर सुधीर को आगामी गहन पूछताछ के लिए अपने साथ लेकर जा रही है।

