कुंदन कुमार/पटना। बिहार की राजनीति में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की महिला प्रदेश अध्यक्ष रहीं रितु जायसवाल ने अपनी पुरानी पार्टी को अलविदा कहते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया है। रितु जायसवाल के भाजपा में शामिल होने पर बिहार सरकार के मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता दिलीप जायसवाल ने उनका स्वागत किया।
राष्ट्रवाद से प्रभावित होकर आईं रितु
भाजपा में शामिल होने के बाद रितु जायसवाल ने स्पष्ट किया कि उन्होंने यह निर्णय देशहित में लिया है। उनका कहना है कि जो पार्टी राष्ट्रवाद की बात करती है और देश की प्रगति के लिए प्रतिबद्ध है वे उसी के साथ मिलकर काम करना चाहती हैं। रितु जायसवाल का जुड़ना भाजपा के लिए बिहार में महिला विंग को मजबूत करने के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हम पार्टी नहीं तोड़ते, लोग हमारी नीति से जुड़ते हैं
इस दल-बदल को लेकर उठे सवालों पर मंत्री दिलीप जायसवाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी अन्य पार्टी को तोड़ने का काम नहीं करती है। उन्होंने कहा लोग हमारी कार्यशैली और विकास की नीतियों से प्रभावित होकर स्वतः हमारे साथ आ रहे हैं। यह राष्ट्रवाद की विचारधारा की जीत है।
परिवारवाद और राजनीति पर बोले दिलीप जायसवाल
लालू प्रसाद यादव के पोते ईराज को जन्मदिन पर आशीर्वाद देने के सवाल पर मंत्री ने संतुलित जवाब दिया। उन्होंने कहा कि एक बच्चे को जन्मदिन की शुभकामनाएं देना मानवीय शिष्टाचार है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जब वह बच्चा बड़ा हो तो उसे निश्चित रूप से राजनीति में आना चाहिए और अपने परिवार की परंपरा यानी परिवारवाद को आगे बढ़ाना चाहिए। यह बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पेट्रोल-डीजल की महंगाई पर सरकार का रुख
देश में बढ़ती पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर मंत्री ने विश्वव्यापी संकट का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य में चल रहे तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर ईंधन की कीमतों में हाहाकार मचा हुआ है। दुनिया के कई देशों में कीमतों में 60 से 70 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है। भारत सरकार की मजबूरी को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि वैश्विक दबाव के बावजूद भारत में कीमतों को नियंत्रित रखा गया है और केवल 10 प्रतिशत की ही बढ़ोतरी की गई है।

