कुंदन कुमार, पटना। बांकीपुर उपचुनाव में मिली हार के बाद राजद ने अपने संगठन को नए सिरे से मजबूत करने के लिए एक बड़ा और कड़ा फैसला लिया है। प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल ने पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव से विचार-विमर्श करने के बाद तत्काल प्रभाव से राजद बिहार की प्रदेश से लेकर पंचायत स्तर की सभी सांगठनिक इकाइयों को भंग कर दिया है। इस संबंध में पार्टी की ओर से आधिकारिक आदेश भी जारी किया गया है।

जिला से लेकर पंचायत तक सभी इकाइयां भंग

जारी पत्र में कहा गया है कि, राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव से हुए परामर्श के आलोक में राष्ट्रीय जनता दल, बिहार का पत्रांक 101, दिनांक 22.01.2025 के द्वारा निर्गत कार्यालय आदेश को निरस्त करते हुए राष्ट्रीय जनता दल, बिहार की सभी स्तरों की सांगठनिक इकाइयों यथा सभी जिला स्तरों की सांगठनिक इकाइयों, प्रखंड स्तरों तथा पंचायत स्तरों की सांगठनिक इकाइयों, सभी प्रकोष्ठों से संबंधित सांगठनिक ईकाइयों एवं अन्य सम्बद्ध सांगठनिक इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग किया जाता है।

जल्द होगी नई टीम का ऐलान

इसके साथ ही पत्र में यह भी बताया गया है कि जल्द ही प्रदेश के सभी स्तरों की स्थानापन्न समितियों के पुर्नगठन की कार्रवाई प्रांरभ की जाएगी। राजद के इस बड़े फैसले के बाद पार्टी के अंदर नए सिरे से जिम्मेदारियां तय किए जाने को लेकर हलचल तेज हो गई है।

नए और समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी

बांकीपुर और उससे पहले के विधानसभा चुनाव या फिर लोकसभा चुनावों में मिली हार के बाद राजद के नेतृत्व और संगठन को लेकर सवाल उठने लगा था। ऐसे में इस बीच राजद के इस बड़े कदम को राजनीतिक जानकार सांगठनिक समीक्षा से जोड़कर देख रहे हैं। कहा जा रहा है कि राजद जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ को पहले से अधिक मजबूत और धारदार बनाने के लिए युवाओं और पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को नए सिर से जिम्मेदारी और स्थान देने को लेकर यह कड़ा फैसला लिया है।

ये भी पढ़ें- ‘सम्राट चौधरी हमको मरवाइए देगा’, जदयू के पूर्व MLA गोपाल मंडल का बड़ा बयान