कुंदन कुमार, पटना। बांकीपुर उपचुनाव के लिए आज गुरुवार (9 जुलाई) को राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता ने अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने के बाद उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि, जनता महागठबंधन के साथ है। इस उपचुनाव में महागठबंधन की ही जीत होगी।
40 साल में भी बांकीपुर का नहीं हो पाया विकास- रेखा गुप्ता
राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता के नामांकन में महागठबंधन घटक दल से कांग्रेस और वाम दल के भी नेता मौजूद रहे। रेखा गुप्ता ने कहा कि, चालीस साल से बीजेपी ने यहां चुनाव जीता है, लेकिन अभी तक इस क्षेत्र का विकास नहीं हो पाया है। जनता परेशान है। महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं। शिक्षा स्वास्थ्य व्यवस्था नगण्य है। ये काम मैं जितने के बाद करूंगी और हमें उम्मीद है कि जनता इस बार हमारा साथ देगी।
राजद ने जताया है दोबारा भरोसा
बता दें कि राजद ने रेखा गुप्ता को बीते साल 2025 के विधानसभा चुनाव में भी बांकीपुर सीट से चुनाव लड़ाया था। हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में जब कुछ महीनों बाद फिर से बांकीपुर में उपचुनाव हो रहा है, तो राजद ने क्षेत्र में लगातार उनकी सक्रियता, जमीनी पकड़ और स्थानीय कार्यकर्ताओं के बीच उनके सामंजस्य को देखते हुए रेखा गुप्ता पर दोबारा भरोसा जताया है।
प्रशांत के लड़ने से दिलचस्प हुआ मुकाबला
बांकीपुर उपचुनाव के लिए बीजेपी ने कायस्थ बहुल क्षेत्र से अभिषेक कुमार सिन्हा को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, जनसुराज ने प्रशांत किशोर को यहां से मैदान में उतारकर चुनाव को त्रिकोणीय और दिलचस्प बना दिया है, जबकि लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपनी पार्टी जजद से वीणा मानवी को चुनावी मैदान में उतारा है। फिलहाल सभी प्रत्याशी प्रचार-प्रसार में जुटे हुए हैं और अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।
बांकीपुर उपचुनाव कार्यक्रम
- नामांकन प्रक्रिया- 6 जुलाई से शुरू होकर 13 जुलाई तक।
- नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 16 जुलाई।
- 30 जुलाई को होगा मतदान।
- 3 अगस्त को आएगा चुनाव का परिणाम।
ये भी पढ़ें- बिहार में ट्रक से भिड़ी कार बनी आग का गोला, दो लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत

